वर्षा ऋतु से पूर्व सड़कों के पैचवर्क अभियान में तेजी, प्रमुख मार्गों पर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य जारी,नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और गड्ढामुक्त आवागमन उपलब्ध कराने की पहल
वर्षा ऋतु से पूर्व सड़कों के पैचवर्क अभियान में तेजी, प्रमुख मार्गों पर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य जारी,नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और गड्ढामुक्त आवागमन उपलब्ध कराने की पह
कटनी। वर्षा ऋतु के आगमन से पूर्व नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से प्रमुख सड़कों पर पैचवर्क अभियान को गति दी गई है। महापौर प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देशन में नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों पर गड्ढों की मरम्मत एवं पैच रिपेयरिंग का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके तथा दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
इन स्थलों पर हुआ पेंच रिपेयरिंग कार्य
नगर निगम के सहायक यंत्री श्री अनिल जायसवाल ने बताया कि अभियान के तहत सिविल लाइन फायर ब्रिगेड कार्यालय से महारानी लक्ष्मीबाई चौक होते हुए अहिंसा तिराहे तक सड़क की पैच रिपेयरिंग का कार्य पूर्ण किया गया है। इसके अलावा झंडा बाजार मुख्य मार्ग, सागर पुलिया से इंडियन कॉफी हाउस, बरगवां कटाए घाट मोड़ होते हुए अमकुही मार्ग तक क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कर सड़क को आवागमन के लिए बेहतर बनाया गया है।
इसी प्रकार वेंकट वार्ड ओवरब्रिज के नीचे निषाद स्कूल के सामने स्थित मार्ग, लखेरा मुख्य मार्ग तथा बस स्टैंड से पन्ना मोड़ तक सड़क के गड्ढों की मरम्मत पेवर ब्लॉक एवं स्टोन डस्ट के माध्यम से कराई गई है। नगर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी आवश्यकतानुसार पैचवर्क कार्य निरंतर जारी है, जिससे वर्षा ऋतु के दौरान यातायात प्रभावित न हो।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी पैचवर्क कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुधार कार्य लगातार जारी रहेंगे।