कन्या महाविद्यालय में हिंदी पखवाड़े में पुस्तक प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन,भारतीय ज्ञान परंपरा से छात्राओं को जोड़ने का किया जा रहा प्रयास

कन्या महाविद्यालय में हिंदी पखवाड़े में पुस्तक प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन,भारतीय ज्ञान परंपरा से छात्राओं को जोड़ने का किया जा रहा प्रया

 

कटनी। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी में प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन एवं भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में 14 से 28 सितंबर तक हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत 15 सितंबर को ‘भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित हिंदी साहित्य’ विषय पर पुस्तक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में भारतीय संस्कृति, दर्शन, इतिहास, साहित्य, योग, आयुर्वेद एवं नैतिक मूल्यों सहित भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ी विभिन्न हिंदी पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया। छात्राओं एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर पुस्तकों के माध्यम से भारतीय ज्ञान-विरासत की समृद्ध परंपरा को जाना। छात्राओं को हिंदी साहित्य के अधिकाधिक अध्ययन के लिए प्रेरित किया गया।

इसी क्रम में 16 सितंबर को ‘भारतीय ज्ञान परंपरा में हिंदी भाषा एवं साहित्य की भूमिका’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हिंदी भाषा के विकास, भारतीय संस्कृति के संरक्षण, लोकज्ञान के संवर्धन और ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में हिंदी साहित्य की भूमिका पर विचार रखे।

आयोजन के माध्यम से छात्राओं को हिंदी भाषा के महत्व, भारतीय साहित्य की विविधता और देश की समृद्ध ज्ञान परंपरा से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। आगामी कार्यक्रमों में भी छात्राओं की सक्रिय सहभागिता के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Exit mobile version