बाड़ी में उगा रखे थे गांजे के 32 पौधे, बड़वारा पुलिस ने आरोपी को दबोचा,21 किलो हरे गांजे के पौधे जब्त, कीमत करीब 2.04 लाख रुपये
बाड़ी में उगा रखे थे गांजे के 32 पौधे, बड़वारा पुलिस ने आरोपी को दबोचा,21 किलो हरे गांजे के पौधे जब्त, कीमत करीब 2.04 लाख रुपय
कटनी। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने गांजे की खेती करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर के पीछे स्थित बाड़ी से गांजे के 32 हरे पौधे जब्त किए हैं, जिनका कुल वजन करीब 21 किलो और अनुमानित कीमत 2 लाख 4 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बड़वारा पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था।
15 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम देवरी हटाई के यादव मोहल्ला निवासी रामकुमार यादव (53) ने अपने घर के पीछे स्थित बाड़ी में गांजे के पौधे लगा रखे हैं। सूचना पर बड़वारा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां बाड़ी में गांजे के हरे पौधे मिले। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में विधिवत कार्रवाई करते हुए 32 पौधे जब्त कर आरोपी रामकुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, उप निरीक्षक विष्णुशंकर जायसवाल, सउनि सतेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक पवनराज, प्रधान आरक्षक नितेश डोगरे, आरक्षक गौरीशंकर राजपूत, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी एवं ग्राम रक्षा समिति सदस्य कमलेश निषाद की विशेष भूमिका रही।