ईरान संकट: ‘हर पल डर के साए में हैं’, भारतीय छात्रों ने की भारत लौटने की अपील
ईरान संकट: 'हर पल डर के साए में हैं', भारतीय छात्रों ने की भारत लौटने की अपील
ईरान संकट: ‘हर पल डर के साए में हैं’, भारतीय छात्रों ने की भारत लौटने की अपील, ईरान में फंसे भारतीय छात्रों ने केंद्र सरकार से सुरक्षित घर वापसी की गुहार लगाई है। देश भर में इस्राइली हमलों की वजह से ईरान में फंसे सैकड़ों भारतीय मेडिकल छात्रों में से एक इम्तिसाल मोहिदीन ने कहा कि शुक्रवार सुबह 2:30 बजे मैं तेज धमाकों की आवाज सुनकर उठा और बेसमेंट की ओर भागा। तब से हम सोए नहीं हैं। दरअसल, छात्र छात्रावासों और अपार्टमेंटों से कुछ किलोमीटर की दूरी पर ही विस्फोटों की सूचना मिलने के साथ ही लोगों में डर बढ़ता जा रहा है। भारतीय अपनी सरकार से अपील कर रहे हैं कि बहुत देर होने से पहले उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला जाए।
तेहरान में शहीद बेहेश्टी विश्वविद्यालय में एमबीबीएस के तीसरे वर्ष के 22 वर्षीय छात्र इम्तिसाल ने कहा कि अकेले उनके विश्वविद्यालय में ही 350 से अधिक भारतीय छात्र हैं। हम अपने अपार्टमेंट के बेसमेंट में फंसे हुए हैं। हम हर रात धमाके सुनते हैं। एक विस्फोट सिर्फ 5 किलोमीटर दूर हुआ था। हम तीन दिनों से सोए नहीं हैं। मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा के रहने वाले मोहिदीन ने बताया कि बमबारी के कारण विश्वविद्यालय ने कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। छात्र बाहर निकलने से बच रहे हैं।
किफायती और प्रतिष्ठित एमबीबीएस कार्यक्रम की वजह से छात्रों की पसंद
शाहिद बेहेश्टी विश्वविद्यालय अपने किफायती और प्रतिष्ठित एमबीबीएस कार्यक्रम के लिए भारतीय नागरिकों में काफी चर्चित है। जानकारी के मुताबिक, विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों के संपर्क में बना हुआ है। समाचार एजेंसी एएनआई ने जिन लोगों से बात की, उन्होंने कहा कि वे अब सुरक्षा निर्देशों और अगले कदमों के लिए भारतीय दूतावास की सलाह और समन्वय पर निर्भर हैं।