अंतरराष्ट्रीय एशियन शूटिंग चैंपियनशिप 50 मीटर में कैमोर के हेमंत बर्मन ने जीता सिल्वर, क्षेत्र में हर्ष की लहर

कटनी(YASH BHARAT.COM)। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कैमोर थाना क्षेत्र के ग्राम गड़गड़हुआ (गुड़गढ़ौहा) निवासी हिमांशु बर्मन ने बारहवीं एशियन शूटिंग चैंपियनशिप अंडर-19 जूनियर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। भारत की मेजबानी में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला दिल्ली में संपन्न हुआ, जहां 50 मीटर राइफल शूटिंग स्पर्धा में भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस विजेता टीम का हिस्सा रहे हिमांशु बर्मन ने अपने सटीक निशाने और बेहतरीन प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित किया। हेमंत बर्मन ग्राम सरपंच सुशीला धीरज बर्मन के नाती हैं। बताया जाता है कि बचपन से ही घर में बंदूकें होने के कारण उन्हें शूटिंग का शौक था। अपने इसी जुनून को लक्ष्य बनाकर उन्होंने निरंतर अभ्यास किया और आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रजत पदक जीतने में सफलता हासिल की। हेमंत का जन्म कैमोर में हुआ और उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा श्रमदान स्कूल, कैमोर से प्राप्त की। आठवीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद वे आगे की शिक्षा के लिए शिवानी चले गए, जहां उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी। जैसे ही हेमंत की इस उपलब्धि की खबर कैमोर और आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। क्षेत्रवासियों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की और हिमांशु के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूर्व मंत्री एवं विजयराघवगढ़ विधायक संजय सतेंद्र पाठक ने भी हिमांशु बर्मन को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र के युवा लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे विजयराघवगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने हिमांशु के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश और देश को ऐसे ही होनहार खिलाड़ियों पर गर्व है। हेमंत बर्मन की इस उपलब्धि से न केवल कैमोर और विजयराघवगढ़, बल्कि पूरे कटनी जिले और देश का नाम गर्व से ऊंचा हुआ है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि भविष्य में भी वे इसी तरह देश के लिए स्वर्णिम उपलब्धियां हासिल करेंगे।

Exit mobile version