विजयराघवगढ़ थाने में गणेश उत्सव को लेकर शांति समिति की बैठक, पंडालों की व्यवस्था और यातायात पर मंथन

विजयराघवगढ़ थाने में गणेश उत्सव को लेकर शांति समिति की बैठक, पंडालों की व्यवस्था और यातायात पर मंथ

विजयराघवगढ़। आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना परिसर विजयराघवगढ़ में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

बैठक में नगर परिषद के उपाध्यक्ष, मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कनिष्ठ अभियंता, वार्ड पार्षद, गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, पत्रकार तथा नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक में गणेश उत्सव के दौरान पंडालों की समुचित व्यवस्था, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

पुलिस अधिकारियों ने गणेश पंडालों में समिति के कार्यकर्ताओं की लगातार मौजूदगी सुनिश्चित करने की समझाइश दी। साथ ही पंडालों के लिए विधिवत विद्युत कनेक्शन लेने तथा पंडालों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पंडालों में शासन की महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों का लेखन कराने के लिए भी कहा गया।

नगर परिषद की ओर से शहर में साफ-सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई। बैठक में गणेश प्रतिमा विसर्जन चल समारोह को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार एक ही दिवस में संपन्न कराने तथा विसर्जन स्थल पर पर्याप्त शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर भी चर्चा हुई।

अधिकारियों ने गणेश उत्सव पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने तथा किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए समितियों एवं नागरिकों से सहयोग की अपील की। बैठक के अंत में थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ अभिषेक चौबे ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

Exit mobile version