गणेश उत्सव सहित आगामी पर्वों को लेकर बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण अमले की सतत निगरानी,15 लोगों पर लगाया 7 हजार रुपये का अर्थदंड,प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों को कराया गया व्यवस्थित
गणेश उत्सव सहित आगामी पर्वों को लेकर बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण अमले की सतत निगरानी,15 लोगों पर लगाया 7 हजार रुपये का अर्थदंड,प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों को कराया गया व्यवस्थि
कटनी – गणेश उत्सव एवं अन्य पर्व-त्योहारों के दौरान बाजार क्षेत्रों में बढ़ने वाली भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा बाजारों को व्यवस्थित रखने एवं नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में सोमवार को निगम के अतिक्रमण दस्ते द्वारा गोल बाजार से रुई बाजार तक प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों में कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान गोल बाजार, झंडा बाजार, मुख्य स्टेशन मार्ग, सुभाष चौक, मुड़वारा स्टेशन मार्ग एवं रुई बाजार सहित अन्य क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया गया। दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर सार्वजनिक मार्ग एवं फुटपाथ पर सामान रखकर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया तथा संबंधित स्थानों को व्यवस्थित कराया गया।
*15 लोगों पर 7 हजार रुपये का अर्थदंड*
अतिक्रमण प्रभारी श्री मानेन्द्र सिंह ने बताया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 15 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 7 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। संबंधित दुकानदारों एवं व्यवसायियों को समझाइश देते हुए सार्वजनिक स्थानों पर सामग्री न रखने तथा निर्धारित सीमा में ही व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए।
*पर्वों के दौरान जारी रहेगी निगरानी*
गणेश उत्सव सहित आगामी पर्वों के दौरान प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं व्यस्त मार्गों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए निगम द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसके लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
नगर निगम प्रशासन ने व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्गों एवं फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखने में सहयोग करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार अर्थदंड एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।