भाजपा नेता के.के. सरावगी के पिताश्री जुगल किशोर सरावगी का निधन, कल सोमवार को दोपहर 12 बजे निज निवास से अंतिम यात्रा

कटनी। शहर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता व्यापारी प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष, भाजपा पूर्व नगर उपाध्यक्ष तथा आर्थिक प्रकोष्ठ के पूर्व जिला संयोजक श्री के.के. सरावगी के पिताश्री, वयोवृद्ध श्री जुगल किशोर सरावगी का आज नागपुर में निधन हो गया। वे 86 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर मिलते ही शहर में शोक की लहर दौड़ गई और विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने गहरा दुःख व्यक्त किया।

स्व. श्री जुगल किशोर सरावगी अपने मिलनसार एवं सरल स्वभाव के लिए शहरभर में जाने जाते थे। वे लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहकर समाज सेवा से जुड़े रहे। उनकी सौम्यता, सहयोगी प्रवृत्ति और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण के कारण शहर में एक प्रतिष्ठित एवं सम्मानित व्यक्तित्व के रूप में उनकी विशेष पहचान थी। समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उनकी कार्यशैली और व्यवहार के प्रशंसक रहे। दिवंगत श्री सरावगी अपने पीछे 6 पुत्रों केके सरावगी, हरीश सरावगी, गिरीश सरावगी, विवेक सरावगी अभिषेक, बलराम सरावगी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन पर शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

दिवंगत श्री जुगल किशोर सरावगी की अंतिम यात्रा कल 9 फरवरी सोमवार को दोपहर 12 बजे उनके निज निवास, गहोई धर्मशाला के समीप से मुक्तिधाम के लिए प्रस्थान करेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। भाजपजनों सहित शहर के लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Exit mobile version