मोटरसाइकिल से अवैध शराब परिवहन कर बिक्री की फिराक में घूम रहा आरोपी गिरफ्तार,बड़वारा पुलिस ने 60 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं मोटरसाइकिल की जप्त
मोटरसाइकिल से अवैध शराब परिवहन कर बिक्री की फिराक में घूम रहा आरोपी गिरफ्तार,बड़वारा पुलिस ने 60 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं मोटरसाइकिल की जप्त
पुलिस अधीक्षक जिला कटनी अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) द्वारा जिले में अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं डीएसपी हेडक्वार्टर श्री रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बड़वारा पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
बड़वारा पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण एवं अवैध गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम लखाखेरा बैरागी हार, पुरानी डामर की पक्की सड़क के पास एक व्यक्ति बिना नंबर की नीले रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल पर भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर ग्राहकों के इंतजार में खड़ा है।
सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम समय लाल कोल, पिता सोनेलाल कोल, उम्र 26 वर्ष, निवासी छुहाई टोला चंदिया, थाना चंदिया, जिला उमरिया बताया।
आरोपी के पास रखे चार प्लास्टिक के गुम्मों की जांच करने पर उनमें हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब होना पाया गया। प्रत्येक गुम्मे में लगभग 15-15 लीटर, कुल 60 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹12,000 है, बरामद की गई। शराब के संबंध में आरोपी से वैध दस्तावेज/लाइसेंस मांगा गया, जो उसके पास नहीं होना बताया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर 60 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब एवं बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल विधिवत जप्त की गई। संपूर्ण कार्रवाई के उपरांत आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई तथा आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।