Site icon Yashbharat.com

वाहनों की बेतरतीब पार्किंग पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, 40 वाहनों से वसूला 20 हजार जुर्माना

IMG 20260212 WA0000

कटनी(YASH BHARAT.COM)। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए बुधवार को थाना कोतवाली पुलिस ने सड़कों पर मोर्चा संभाला। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चलाई गई इस विशेष मुहिम के तहत नो-पार्किंग जोन में अवैध रूप से खड़े 40 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर ही वाहन मालिकों से कुल 20,000 रुपये का समन शुल्क वसूल किया।

शहर में जाम से मिलेगी मुक्ति

थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के मुख्य मार्गों, व्यस्त बाजार क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान पाया गया कि सड़कों के किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों की वजह से यातायात बाधित हो रहा था और पैदल चलने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस ने न केवल चालान काटे, बल्कि वाहन चालकों को भविष्य में निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की सख्त हिदायत दी।

निरंतर चलेगा अभियान

कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान महज सांकेतिक नहीं है। आने वाले दिनों में भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा न कर शहर की व्यवस्था को सुचारू बनाने में सहयोग करें। कोतवाली प्रभारी राखी पांडे ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना हमारी प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version