शासकीय कन्या महाविद्यालय में  सतीश शुक्ला का सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्ति समारोह संपन्न

शासकीय कन्या महाविद्यालय में  सतीश शुक्ला का सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्ति समारोह संपन्

कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में प्रयोगशाला परिचारक श्री सतीश शुक्ला के 30 जून 2026 को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने पर महाविद्यालय परिवार द्वारा सम्मानपूर्वक विदाई समारोह आयोजित किया गया।

श्री शुक्ला ने अपनी शासकीय सेवा 14 जून 1988 को शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय, रायपुर से प्रारंभ की थी। 10 जुलाई 1990 को स्थानांतरण के बाद उन्होंने शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में सेवाएं देना शुरू किया। लगभग 38 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

महाविद्यालय की प्रयोगशालाओं के सुचारु संचालन, विद्यार्थियों के सहयोग तथा शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। विश्वविद्यालय संबंधी कार्यों के कुशल एवं त्वरित निष्पादन के कारण वे महाविद्यालय परिवार में अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने कहा कि श्री सतीश शुक्ला ने हर परिस्थिति में महाविद्यालय के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का उत्कृष्ट निर्वहन किया। उनका अनुभव, कार्यनिष्ठा और समर्पण सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनके दीर्घ एवं अनुकरणीय सेवाकाल की सराहना करते हुए स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजयकांत भारद्वाज ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. विमला मिंज ने किया। समारोह में श्री शुक्ला के परिजनों सहित महाविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं समस्त कार्यालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version