Site icon Yashbharat.com

कुछ लीटर पेट्रोल के लिए बेटे ने ले ली पिता की जान, गेंती से वार कर दी मौत

9912murder16

कुछ लीटर पेट्रोल के लिए बेटे ने ले ली पिता की जान, गेंती से वार कर दी मौत। मध्य प्रदेश के म्याना थाना क्षेत्र के सागोरिया गांव से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज कुछ लीटर पेट्रोल के विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया।

कुछ लीटर पेट्रोल के लिए बेटे ने ले ली पिता की जान, गेंती से वार कर दी मौत

जानकारी के अनुसार, सागोरिया निवासी एक व्यक्ति अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए उमरी गांव जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनके बेटे के साथ बाइक को लेकर विवाद हो गया।

बेटे का कहना था कि बाइक में पेट्रोल उसने अपने पैसों से डलवाया है, इसलिए वह पिता को बाइक लेकर जाने नहीं देगा। इस पर पिता ने गुस्से में कह दिया, “अगर पेट्रोल तुम्हारा है, तो निकाल लो।”

पिता की यह बात सुनकर बेटा आपा खो बैठा। वह कमरे में चाबी लाने के बहाने गया, लेकिन कुछ ही देर में हाथ में गेंती लेकर बाहर आया और बिना कुछ सोचे-समझे पिता के सिर पर जोरदार वार कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल पिता को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि कैसे छोटे-छोटे विवाद भी गुस्से में बड़े अपराध में बदल जाते हैं, और परिवार को हमेशा के लिए तोड़ देते हैं।

Exit mobile version