नागरिकों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने निगम टीम सक्रिय,जल गुणवत्ता परीक्षण अनवरत जारी, जलापूर्ति संबंधी शिकायतों का हो रहा त्वरित निराकरण

नागरिकों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने निगम टीम सक्रिय,जल गुणवत्ता परीक्षण अनवरत जारी, जलापूर्ति संबंधी शिकायतों का हो रही त्वरित निराकरण

कटनी  – नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहरवासियों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए दैनिक स्तर पर सघन प्रयास किए जा रहे हैं। निगम प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में सुरक्षित पेयजल मिले और जलजनित बीमारियों पर पूर्ण नियंत्रण रखा जा सके।

लीकेज मरम्मत पर विशेष फोकस

पेयजल वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु निगम के जलप्रदाय अमले द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में रोजाना पाइप लाइनों की दैनिक जांच की जा रही है। जिसके तहत बुधवार को नगर के 12 लीकेज, फॉल्ट एवं क्षतिग्रस्त पाइपों की तत्काल मरम्मत कर जल अपव्यय रोकने के साथ ही
शुद्ध आपूर्ति का कार्य किया गया।

जल गुणवत्ता परीक्षण अनवरत जारी

नागरिकों को सुरक्षित पेयजल मिले यह सुनिश्चित करने के लिए जल प्रदाय की टीम द्वारा महात्मा गांधी वार्ड दाल मिल गली, मोहन टॉकीज रोड, बाबू जगजीवन राम वार्ड उड़िया मोहल्ला, निषाद स्कूल पानी की टंकी, जयप्रकाश वार्ड जंगल दफ्तर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड, तिलक कॉलेज पानी टंकी, संत कंवरराम वार्ड रॉबर्ट लाइन सहित अन्य स्थलों में निगम की विभिन्न जल स्त्रोतों, टंकियों एवं नलों से जल के नमूने एकत्र कर उनकी गुणवत्ता का परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजने की कार्यवाही की गई।

शिकायतों पर त्वरित निराकरण

निगम नियंत्रण कक्ष में प्राप्त होने वाली पेयजल संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। गंदा पानी, कम दबाव या आपूर्ति न होने की शिकायतों पर संबंधित क्षेत्र में टीम भेजकर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

नागरिकों से सहयोग की अपील

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे पेयजल का समुचित उपयोग करें, गुणवत्ता एवं लीकेज की सूचना तत्काल नगर निगम कार्यालय को दें और शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति में निगम प्रशासन का सहयोग प्रदान करें ।

 

Exit mobile version