नगर निगम कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों का हो रहा त्वरित निराकरण,स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं हेतु निगम प्रशासन सक्रिय

नगर निगम कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों का हो रहा त्वरित निराकरण,स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं हेतु निगम प्रशासन सक्रिय
कटनी – नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा स्थापित कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 14420 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का तीव्र गति से निराकरण किया जा रहा है।
कंट्रोल रूम में स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, सीवर एवं जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, सड़क संबंधी समस्याओं सहित विभिन्न नगर निगम सेवाओं से जुड़ी प्राप्त समस्याओं पर संबंधित विभागों द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाकर नागरिकों को बेहतर सेवाएं मुहैया कराई जा रही है। कंट्रोल रूम प्रभारी ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से अब तक कुल 497 शिकायतों एवं समस्याओं का निराकरण किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि निगम प्रशासन द्वारा शिकायत प्राप्त होते ही उसे संबंधित शाखा को प्रेषित कर निर्धारित समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है, जिससे नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जा सके।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर प्राप्त शिकायतों पर विशेष प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करते हुए सफाई दलों को मौके पर भेजा जा रहा है। वहीं पेयजल आपूर्ति, पाइपलाइन लीकेज, जलभराव, स्ट्रीट लाइट खराब होने तथा अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित शिकायतों का भी त्वरित समाधान किया जा रहा है।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नगर निगम सेवाओं से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं, ताकि शिकायतों का शीघ्र निराकरण कर नागरिक सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।








