Site icon Yashbharat.com

मिर्जापुर: ड्रमंडगंज घाटी में दाल लदे ट्रक का ब्रेक फेल, श्रृंखलाबद्ध टक्कर में स्विफ्ट कार व ट्रेलर भिड़े; बोलेरो में लगी आग, 11 लोगों की मौत

Screenshot 20260423 003542 Chrome

मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) | बड़ी खबर। ड्रमंडगंज घाटी में दाल लदे ट्रक का ब्रेक फेल, श्रृंखलाबद्ध टक्कर में स्विफ्ट कार व ट्रेलर भिड़े; बोलेरो में लगी आग, 11 लोगों की मौत।रीवा–मिर्जापुर हाईवे पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ पर बुधवार रात  एक दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हो गया।

एक ट्रक के ब्रेक फेल हो जाने के बाद कई वाहन आपस में टकरा गए, जिसके चलते चार वाहनों—ट्रक, स्विफ्ट कार, ट्रेलर और बोलेरो—में जबरदस्त भिड़ंत हो गई।

हादसे के बाद बोलेरो में अचानक आग लग गई और कुछ ही मिनटों में वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। बोलेरो में सवार लोग बाहर नहीं निकल पाए, जिससे बड़ा जानमाल का नुकसान हुआ।

 कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, गिट्टी लदा ट्रेलर घाटी में नीचे उतर रहा था। उसके पीछे स्विफ्ट कार और फिर दाल से लदा ट्रक आ रहा था। सबसे पीछे बोलेरो चल रही थी। इसी दौरान ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और उसने आगे चल रही स्विफ्ट कार में जोरदार टक्कर मार दी। कार आगे ट्रेलर से टकरा गई और पीछे से आ रही बोलेरो ट्रक से जा भिड़ी। इस श्रृंखलाबद्ध टक्कर के कारण बोलेरो में आग लग गई।

 दर्दनाक मौतें

हादसे में कुल 11 लोगों की मौत की खबर है। इनमें बोलेरो सवार दो महिलाएं, दो बच्चे और पांच पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा स्विफ्ट कार चालक और ट्रक चालक की भी मौत हो गई।

स्विफ्ट कार चालक की पहचान जय प्रकाश (26), पुत्र मुन्नर, निवासी परसिया दुबे, रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र) के रूप में हुई है।

 राहत और बचाव कार्य

हादसे की सूचना मिलते ही ड्रमंडगंज, लालगंज और आसपास के थानों की पुलिस फोर्स, साथ ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दो दमकल गाड़ियों को लगाना पड़ा और घंटों की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी।

पुलिस ने बोलेरो में फंसे शवों को निकालकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 प्रशासन का बयान

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक का ब्रेक फेल होना हादसे का कारण माना जा रहा है। सभी वाहन एक के पीछे एक घाटी में उतर रहे थे, तभी यह भीषण टक्कर हुई। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

 

Exit mobile version