नेशनल बुक रीडिंग डे पर हुई पुस्तकों की चर्चा,डाइट फेकल्टी, जन शिक्षकों और शिक्षकों ने किया विद्यार्थियों से संवा
कटनी -कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन एवं सी ई ओ जिला पंचायत श्रीमती हरसिमरन प्रीत कौर के मार्गदर्शन में कटनी जिले के विभिन्न छात्रावासों एवं विद्यालयों में नेशनल बुक रीडिंग डे के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा पुस्तकालयों में विभिन्न विधाओं की पुस्तकें पढ़ी गईं एवं उन पर चर्चा की गई | इसी श्रंखला में डाइट कटनी के वरिष्ठ व्याख्याता राजेन्द्र असाटी द्वारा शासकीय माध्यमिक शाला के सी एस कटनी एवं शासकीय माध्यमिक शाला खिरहनी में पहुंचकर पढ़ने की आदत के विकास एवं अवचेतन मन की शक्ति पर गहन चर्चा की गई | उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि हम जिन कार्यों का अभ्यास लगातार 31 दिन कर लेते हैं, वह हमारे जीवन की आदतों में शामिल हो जाते हैं | अतः हमें अच्छी आदतों को जीवन का हिस्सा बनाने के लिये उन्हें निरंतर करना होगा अन्यथा हम चाहकर भी अच्छे कार्य नहीं कर पायेंगे|शासकीय बुद्ध सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तेवरी में प्रभारी प्राचार्य मनोज हल्दकार, बलबीर सिह एवं दिनेश झारिया ने तथा प्राथमिक शिक्षक जयभान यादव और शिक्षिका पार्वती रौतेल ने प्राथमिक शाला परसेल में नाई और पूँछ कटा बाघ कहानी सुनाई | उल्लेखनीय है कि जिले के सभी विद्यालयों में पुस्तकालय के माध्यम से पढ़ने की संस्कृति के विकास हेतु डाइट कटनी द्वारा निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं | इसके लिये विद्यालयों में सभी विद्यार्थियों के लेन देन कार्ड भी संधारित किये गये हैं | छात्रों से संवाद के दौरान मॉर्निंग वाक, शांत समय के महत्व, नियमित पठन, पढ़ी गई पुस्तकों पर चर्चा, दिनचर्या निर्माण, कापी किताबों का रखरखाव, ई मटेरियल का प्रभावी उपयोग, नियमित विद्यालय उपस्थिति इत्यादि बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई | आगामी समय में डाइट प्राचार्य एम पी डुंगडुंग द्वारा पढ़ने की संस्कृति के विकास हेतु उत्कृष्ट प्रयास करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने की योजना भी बनाई गई है | विद्यालय भ्रमण के समय शिक्षिका किरण गर्ग, सुचिता बैरागी, माधुरी गर्ग, शिवकुमार सोलंकी, रेवा नेगी , निधि अग्रहरी, रश्मि परिहार ने शिक्षक छात्र संवाद में सहभागिता की |