Site icon Yashbharat.com

15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के दिन मनेगी नागमंचमी, इन कुंडलीय दोषों का होगा निवारण

nag panchmi

भोपाल। इस साल सर्वार्थ सिद्धि योग में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नाग पंचमी का पर्व मनाया जाएगा। देश की आजादी के बाद दूसरी बार ऐसा अवसर होगा जब 15 अगस्त के दिन नागपंचमी मनेगी। इसके पहले 1980 में 15 अगस्त के दिन नागपंचमी मनी थी।

मां चामुंडा दरबार के पुजारी पं. रामजीवन दुबे ने बताया कि इस बार नागपंचमी सुबह 6.07 से शाम 4.16 बजे तक सर्वार्थ सिद्धि योग में रहेगी। इसके बाद रवि योग आरंभ होगा। विशेष दर्शन पूजन व अनुष्ठान के लिए यह दिन शुभ रहेगा। पं. दुबे ने बताया कि श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी के दिन नागपंचमी मनाई जाती है। क्योंकि भारत की कुंडली में वर्तमान में सर्पयोग बना हुआ है, इसलिए देश के स्वतंत्रता दिवस पर नाग पंचमी पर्व का पड़ना शुभकारी है।

ज्योतिषाचार्य ने बताया कि नाग पंचमी के दिन श्रद्धालुओं द्वारा तमाम तरह के कुंडलीय दोषों के निवारण व परिवार की सुख शांति के लिए विशेष अनुष्ठान कराते हैं। मुख्य रूप से सर्पयोग व ग्रह शांति के लिए नाग देवता की पूजा की जाती है। गौरतलब है कि इस साल सावन का महीना 28 जुलाई से शुरू हो चुका है, जो 26 अगस्त रक्षाबंधन के साथ संपन्ना होगा। इस बीच हरियाली तीज का पर्व 13 अगस्त को मनाया जाएगा।

Exit mobile version