Site icon Yashbharat.com

हत्या की गुत्थी सुलझाने पुलिस को शिनाख्तगी का इंतजार

police

कटनी। बहोरीबंद थाना अंतर्गत इमलिया के आगे रक्सेहा गांव के जंगल से बरामद अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के जिलों में इस बात की सूचना देकर उसकी शिनाख्तगी के प्रयास कर रही है।

उधर पुलिस ने पीएम रिपोर्ट आने के बाद अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया है तथा आरोपियों तक पहुंचने के लिए पहले महिला के शव की शिनाख्त में जुट गई है। गौरतलब है कि रक्सेहा गांव के जंगल में मंगलवार को एक महिला की लाश पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। जिसके बाद मौके पर बहोरीबंद पुलिस पहुंची।

हत्या की आशंका के मद्देनजर पुलिस विभाग के वैज्ञानिक अधिकारी डॉ अवनीश कुमार सिसौदिया और स्लीमनाबाद एसडीओपी कमला जोशी सहित बहोरीबंद टीआई सुधाकर बारस्कर मौके पर पहुंचे। जिसके बाद पुलिस ने महिला की लाश को अपने अधिकार में लेकर उसकी शिनाख्तगी के प्रयास शुरू किए लेकिन पुलिस को अब तक महिला की शिनाख्त करने में सफलता नहीं मिल सकी है।

बहोरीबंद थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर के मुताबिक जिस महिला का शव मिला है। उसकी उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष की होगी। महिला लाल और सफेद रंग की नई साड़ी और पैर में गुलाबी रंग की चप्पल पहने हुए थी। बहोरीबंद थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर का कहना है कि हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस को महिला की शिनाख्त होने का इंतजार है।

Exit mobile version