Site icon Yashbharat.com

बुर्का और सलवार-कुर्ता पहन जिला अस्पताल में घुसा युवक, शक होने पर पकड़ा गया

burka

कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित जिला अस्पताल में बुधवार को एक युवक बुर्का पहनकर पहुंच गया। पीकू वार्ड के पास संचालित सखी केंद्र के कर्मचारियों को शंका होने पर उससे पूछताछ की तो वह इमरजेंसी वार्ड में घुस गया। वहां जाकर देखा तो बुर्के में पुरुष नजर आया। शोर मचाने पर युवक बाउंड्रीवाल फांदकर भागने लगा तो कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।

जिला अस्पताल में बुधवार दोपहर बाद एक युवक सलवार कुर्ता व बुर्का पहन कर पहुंचा। इस दौरान पीकू वार्ड के पास संचालित सखी सेंटर की संचालक निधि सचान व सहायक श्रेया शुक्ला ने उसकी चाल देखी तो संदेह हुआ। दोनों ने पास जाकर पूछने की कोशिश की तो युवक इमरजेंसी वार्ड में घुस गया। वहां उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह भागने लगा।

शोर मचाने पर कर्मियों ने उसे बाउंड्रीवाल फांदने के दौरान पकड़ लिया। इसके बाद यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे कोतवाली ले गई। इसके बाद सीओ अरुण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर तुलसीराम पांडेय ने युवक से पूछताछ की।

उसने अपना नाम रईस अहमद बताया है। उसने पहले अपना पता चमनगंज कानपुर बताया फिर कुछ देर बाद फहीमाबाद में हलीम मुस्लिम इंटर कॉलेज के पास का रहने वाला बताया। उसकी बातचीत से पुलिस को संदेह और बढ़ गया। पुलिस मामले में गंभीरता से छानबीन कर रही है।
महिला डॉक्टर का कार चालक होने की चर्चा
अस्पताल में चर्च होती रही की बुर्का पहने पकड़ा गया युवक अकबरपुर सीएचसी में तैनात डॉक्टर गजाला अंजुम की कार का चालक है। बुधवार को जिला अस्पताल में डॉक्टर की ड्यूटी लगी थी। इससे आशंका है कि वह डॉक्टर को लेकर जिला अस्पताल आया होगा। वहीं युवक ने महिलाओं के कपड़े व बुर्का क्यों पहना ये रहस्य बना है।

सखी सेंटर की संचालक निधि सचान ने बताया कि जिला अस्पताल में पकड़े जाने पर महिला डॉक्टर ने लोगों से उल्टे सवाल शुरू कर दिए। डॉक्टर महिलाओं से पूछने लगीं कि युवक ने किसी से कोई अभद्रता तो नहीं की है।

युवक ने भी पुलिस की पूछताछ में एक साल से डॉक्टर की कार चलाने की बात कही है। हालांकि पुलिस इसकी छानबीन कर रही है। इंस्पेक्टर तुलसीराम पांडेय ने जिला अस्पताल पहुंच कर वहां अन्य स्वास्थ्य कर्मियों से इसके बाबत जानकारी ली।

युवक के परिजनों से बात हुई है। उन्हें लिए बुलाया गया है। पकड़ा गया युवक पूछताछ में पता बदल रहा है। फोन पर उसके परिजनों से हुई बातचीत में युवक के सिरफिरा होने की जानकारी दी गई है लेकिन मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। – अरुण कुमार सिंह, सीओ अकबरपुर

 

Exit mobile version