अलीगढ़ कांग्रेस दफ्तर बना अखाड़ा: अलीगढ़ में समीक्षा बैठक के दौरान जमकर हुई जूतम-पैजार, वीडियो वायरल होने के बाद थाने पहुंचा मामला
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में कांग्रेस पार्टी के अंदरूनी कलह और गुटबाजी का एक बेहद शर्मनाक वाकया सामने आया है। रेलवे रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में रविवार को राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश सह-प्रभारी तौकीर आलम के सामने ही कांग्रेसी कार्यकर्ता और पदाधिकारी आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और जूतम-पैजार हुई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है।
राष्ट्रीय सचिव की समीक्षा बैठक के दौरान मचा बवाल
घटनाक्रम के अनुसार, रविवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम रेलवे रोड स्थित कार्यालय पर संगठनात्मक समीक्षा बैठक ले रहे थे। इस बैठक में पूर्व विधायक विवेक बंसल, जिला व महानगर अध्यक्ष सहित ब्लॉक स्तर के तमाम पदाधिकारी मौजूद थे।
जहाँ अधिकांश पदाधिकारी अंदर मुख्य कक्ष में चर्चा कर रहे थे, वहीं कुछ कार्यकर्ता बाहर परिसर में खड़े थे। इसी दौरान बाहर खड़े जिला उपाध्यक्ष शाहिद गुड्डू और सेवादल के पूर्व जिला संगठक आलोक गौड़ के साथ आए कार्यकर्ता सोनू वाल्मीकि के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई।
अपशब्दों से शुरू हुआ विवाद, चले लात-घूंसे और जूते
-
धार्मिक अपशब्द का आरोप: जिला उपाध्यक्ष शाहिद गुड्डू का आरोप है कि सोनू वाल्मीकि ने उनसे बातचीत के दौरान कुछ धार्मिक अपशब्द कहे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो सोनू ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
-
बचाव में चलाए जूते: हंगामा बढ़ता देख जब लोग बीच-बचाव करने आए, तो शाहिद गुड्डू ने भी जवाब में सोनू पर जूते से हमला कर दिया। इसके बाद परिसर में मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने सोनू को बाहरी बताते हुए धकियाकर दफ्तर से बाहर निकाल दिया।
-
अंदर भी हुई जूतम-पैजार: बाहर हंगामे के बाद शाहिद गुड्डू अपनी शिकायत दर्ज कराने अंदर मुख्य कक्ष में राष्ट्रीय सचिव के सामने पहुंचे। वहां उन्होंने बगल में खड़े वरिष्ठ नेता आलोक गौड़ पर यह आरोप लगाते हुए जूता दे मारा कि यह पूरी मारपीट साजिशन आलोक ने ही करवाई है।
विवाद को हद से ज्यादा बढ़ता देख राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम और पूर्व विधायक विवेक बंसल ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सभी को जमकर डांट लगाई और अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी देकर मामले को शांत कराया।
वो प्रोफेशनल थीं, अफवाहें झूठी हैं…” किसिंग सीन के दौरान खून बहने के दावे पर वीर दास का जवाब, कंगना ने भी ली चुटकी
पुलिस तक पहुंचा मामला: जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ तहरीर
इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे के बाद मामला अब थाने पहुंच चुका है। पीड़ित सोनू वाल्मीकि ने जिला उपाध्यक्ष शाहिद गुड्डू और उनके 3-4 अज्ञात साथियों के खिलाफ गांधी पार्क थाने में लिखित तहरीर दी है। सोनू का कहना है कि वह अनुसूचित जाति का कांग्रेस कार्यकर्ता है और उसके साथ पार्टी कार्यालय में मारपीट की गई है। गांधीपार्क थाना इंस्पेक्टर विजय सिंह के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अलीगढ़ कांग्रेस दफ्तर बना अखाड़ा: अलीगढ़ में समीक्षा बैठक के दौरान जमकर हुई जूतम-पैजार, वीडियो वायरल होने के बाद थाने पहुंचा मामला
संगठन ने झाड़ा पल्ला, आरोपी को बताया ‘भाजपाई’
इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस संगठन ने डैमेज कंट्रोल करते हुए इसे विरोधी दल की साजिश करार दिया है:
-
महानगर अध्यक्ष नवेद खां ने मारपीट की शुरुआत करने वाले सोनू वाल्मीकि को भाजपा का आदमी बताया। उन्होंने कहा कि वह एक सोची-समझी रणनीति के तहत दफ्तर में विवाद खड़ा करने और धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने आया था।
-
जिलाध्यक्ष ठाकुर सोमवीर सिंह ने भी उसे बाहरी बताते हुए कहा कि आगे से संगठनात्मक बैठकों में बाहरी तत्वों के प्रवेश को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद ली जाएगी।
वहीं, दूसरी तरफ वरिष्ठ नेता आलोक गौड़ ने संगठन के दावों को खारिज करते हुए कहा कि सोनू कोई बाहरी व्यक्ति नहीं है, बल्कि सेवादल में रहते हुए कार्यालय सचिव रहा है और वह एक सच्चा कांग्रेस कार्यकर्ता है।
