फूलन देवी के हत्यारे शेर सिंह राणा की शादी, राजनेता हैं ससुर

छतरपुर। सपा सांसद और दस्यु सुंदरी फूलन देवी की हत्या में उम्रकैद काट रहा रुड़की निवासी शेर सिंह राणा की शादी हो गई है. रुड़की के सेंट्रम होटल में मंगलवार को यह विवाह संपन्न हुआ. पहले शांतिकुंज हरिद्वार में सात फेरे लेने की चर्चा थी, लेकिन ऐनवक्त पर रुड़की में शादी की सारी रस्में पूरी की गईं.

रुड़की के बीटी गंज में शेर सिंह राणा का परिवार रहता है. वर्ष 2013 में दिल्ली की विशेष अदालत ने पूर्व सांसद फूलन देवी की हत्या का दोषी पाते हुए राणा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, जबकि उसके तीन सहयोगियों को बरी कर दिया था. अब मामला ऊपरी अदालत में चल रहा है.
बीते साल राणा को दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी और तब से वह रुड़की में ही है. 40 वर्षीय राणा की मंगलवार को मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के राजनीतिक परिवार की बेटी प्रतिमा के साथ शादी हुई
विवाह समारोह में परिवार के लोग और कुछ रिश्तेदार ही शामिल हुए. विवाह समारोह में राणा ने कहा कि उन्हें दहेज में लाखों रुपये दिए जा रहे थे लेकिन सब कुछ ठुकराते हुए उन्होंने सिर्फ़ चांदी के सिक्के को शगुन के तौर पर लिया है. राणा ने कहा कि वह दहेज़ लोभियों को सन्देश देना चाहते है कि सौदा जानवरों का हुआ करता है, इंसानों का नहीं








