katniमध्यप्रदेश

नेगवा के जंगल में सड़क पर विचरण करता दिखा तेंदुआ करीब एक घंटे तक सड़क किनारे बैठा रहा, वन विभाग ने बढ़ाई गश्त

नेगवा के जंगल में सड़क पर विचरण करता दिखा तेंदुआ

करीब एक घंटे तक सड़क किनारे बैठा रहा, वन विभाग ने बढ़ाई गश्

रीठी। घने जंगलों के बीच बसे आदिवासी ग्राम नेगवा के मार्ग पर सोमवार शाम उस समय लोगों में दहशत फैल गई, जब सड़क पर एक तेंदुआ विचरण करता दिखाई दिया। तेंदुआ कुछ देर तक सड़क के बीचों-बीच बैठा रहा। वाहनों की आवाजाही बढ़ने पर वह सड़क किनारे जाकर बैठ गया और करीब एक घंटे तक वहीं मौजूद रहा।

जानकारी के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेगवा के प्राचार्य विपिन तिवारी सोमवार शाम स्टाफ के साथ चार पहिया वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें सड़क के बीचों-बीच तेंदुआ बैठा दिखाई दिया। वाहन और लोगों की आवाजाही बढ़ने पर तेंदुआ सड़क से हटकर किनारे जा बैठा। तेंदुए को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई, लेकिन वह काफी देर तक वहीं बैठा रहा।

प्राचार्य विपिन तिवारी ने तेंदुए के दिखाई देने की सूचना मोबाइल फोन के माध्यम से वन विभाग को दी। ग्रामीणों के अनुसार, नेगवा के जंगल और आसपास के क्षेत्र में अक्सर तेंदुए की मौजूदगी देखी जाती है। हालांकि अब तक तेंदुए द्वारा किसी प्रकार की जनहानि किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन लगातार हो रहे मूवमेंट से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।

वन विभाग ने बढ़ाई गश्त

वन परिक्षेत्र अधिकारी महेश पटेल ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों को देखते हुए जंगल एवं आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों और राहगीरों को सतर्क रहने तथा अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है।

Back to top button