जबलपुर: विध्यांचल एक्सप्रेस में बम की सूचना, अफवाह फैलाने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में जीआरपी और तीन थानों की पुलिस में उस वक्त हड़कम्प मच गया जब शुक्रवार रात डायल 100 को एक यात्री ने भोपाल से जबलपुर आने वाली विंध्याचल एक्सप्रेस में बम होने की सूचना दी। रेल गाड़ी में बम होने की सूचना मिलते ही तत्काल मदन महल पुलिस ने आरपीएफ और बम स्क्वॉड की टीम को सूचना दी। आरपीएफ और बम स्क्वॉड की टीम मदन महल पहुंचकर ट्रेन को रुकवाई और ट्रेन की तलाशी ली।
पूरी ट्रेन की जांच करने के बाद जब बस की सूचना देने वाले यात्री को पकड़ा गया तो उसकी बात सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। इंजन से दूसरे नंबर की बोगी में यात्रा कर रहे बबलू साहू नामक एक यात्री ने पुलिस को बताया कि पास बैठे यात्री के पास कुछ सामान था जिसे वह छूने पर वह बार बार मना कर रहा था।
यात्री को बताया कि इसलिए उसे शक हुआ और उसने डायल 100 पर पुलिस को सूचना दे दी। आरपीएफ ने झूठी अफवाह फैलाने वाले यात्री को गिरफ्तार कर लिया है।
आरपीएफ के टीआई के वीरेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति ने शराब पी हुई थी। उसका सहयात्री से सीट को लेकर विवाद चल रहा था। जिसके बाद उसने डायल 100 पर सूचना दी। उन्होंने बताया कि व्यक्ति को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया गया है।

