Site icon Yashbharat.com

करवा चौथ : पति की लंबी उम्र के लिए पत्नियां देंगी ये उपहार

helmet

मंदसौर। करवा चौथ पर 500 से अधिक महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए व्रत करने के साथ ही सुरक्षा के लिए उपहार में हेलमेट भी भेंट करेंगी। इस वर्ष करवा चौथ पर पहली बार यह अनूठी पहल हो रही है।

शौर्या दल की 80 सदस्यों ने एक माह से सोशल मीडिया पर महिलाओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया। इससे प्रभावित होकर जिले की 200 व प्रदेश व देश के अन्य हिस्सों की मिलाकर करीब 500 से अधिक महिलाओं ने पति को सुरक्षा कवच भेंट करने का संकल्प लिया है। महिलाएं पति से नशा छोड़ने का वचन भी लेंगी।

सड़क हादसों में बेवक्त हो रही मौतों को देख जिले की शौर्या दल सदस्यों ने छह माह पहले बैठक में तय किया था कि करवा चौथ पर महिलाओं को पतियोें को हेलमेट भेंट कर पहनने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि सड़क हादसे कम हों और परिवारों में खुशी बनी रहे। सोशल मीडिया पर 80 सदस्यों ने अभियान प्रारंभ किया। अलग-अलग ग्रुप बनाकर महिलाओं को जागरूक किया। अभियान जिले में नहीं प्रदेश और देश में भी फैला।

शौर्या दल की टीना सोनी ने बताया कि सोशल मीडिया पर चलाए गए अभियान से 500 महिलाएं प्रेरित हुई हैं, जो करवा चौथ पर पतियों को हेलमेट भेंट करेगी। उषा सोलंकी ने बताया कि महिलाओं से आग्रह किया है कि पति को घर से निकलने समय हेलमेट पहनने की याद दिलाएं।

शौर्या दल सदस्य नीतू माथुर, नितिन सोनी, रचना राठौर, दीक्षिता कुमठ, मोनिका वरुण, रामकुंवर राठौर, माधुरी सौलंकी, धनकुंवर चंद्रावत, रानू वरोला एवं सामाजिक कार्यकर्ता संजय नीमा ने सोशल मीडिया पर अभियान को गति दी।

Exit mobile version