Site icon Yashbharat.com

जमीन विवाद में युवक हाईटेंशन टावर पर चढ़ा, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा, पूर्व विधायक से जुड़ा है मामला

04 01 2026 khandwa youth 202614 03522

खंडवा। जिले के ग्राम जूनापानी में जमीन विवाद उस समय सनसनीखेज मोड़ ले गया, जब एक युवक हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। युवक को नीचे उतारने के लिए प्रशासन, पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। जानकारी के अनुसार, ग्राम जूनापानी में जमीन से जुड़े एक मामले में कोर्ट के आदेश पर प्रशासन की टीम पूर्व विधायक देवेंद्र वर्मा को जमीन का कब्जा दिलाने पहुंची थी। इसी दौरान पिंटू पाल नामक युवक ने जमीन पर अपना हक बताते हुए विरोध शुरू कर दिया। युवक का आरोप था कि उक्त जमीन पर पूर्व विधायक द्वारा कब्जा किया जा रहा है, जबकि मामला अभी विवादित है। उसने आरोप लगाए कि उसकी करीब ढाई एकड़ जमीन पर पूर्व विधायक वर्मा कब्जा करने पहुंचे थे। वहीं पूर्व विधायक का कहना है कि यह जमीन उन्होंने विधिवत रूप से खरीदी है और उसी के आधार पर वे कब्जा लेने पहुंचे थे। मौके पर राजस्व विभाग और पुलिस अमला भी मौजूद रहा।

विरोध के दौरान पिंटू पाल अचानक हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। युवक के टावर पर चढ़ते ही प्रशासन और पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। हाई वोल्टेज लाइन होने के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई। किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए बिजली विभाग को सतर्क किया गया और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति को लेकर भी एहतियात बरती गई।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया गया। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवक से बातचीत कर उसे शांत कराया। ग्रामीणों और परिजनों की समझाइश के बाद काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका।

युवक के नीचे उतरते ही प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली। मौके पर स्थिति सामान्य होने के बाद प्रशासनिक टीम ने कोर्ट के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की। फिलहाल जमीन विवाद को लेकर कानूनी प्रक्रिया जारी है, वहीं इस पूरे घटनाक्रम ने गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना दिया।

प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के दायरे में रहकर सभी पक्षों की बात सुनी जाएगी। साथ ही, भविष्य में इस तरह की खतरनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

 

उसने आरोप लगाए कि उसकी करीब ढाई एकड़ जमीन पर पूर्व विधायक वर्मा कब्जा करने पहुंचे थे। वहीं पूर्व विधायक का कहना है कि यह जमीन उन्होंने विधिवत रूप से खरीदी है और उसी के आधार पर वे कब्जा लेने पहुंचे थे। मौके पर राजस्व विभाग और पुलिस अमला भी मौजूद रहा।

Exit mobile version