Site icon Yashbharat.com

मजदूरी का विवाद बना मौत का कारण: कन्हवारा में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

IMG 20260405 WA0073

 

मजदूरी का विवाद बना मौत का कारण: कन्हवारा में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, आरोपी गिरफ्ता

कटनी। कुठला थाना अंतर्गत ग्राम कन्हवारा में मजदूरी के चंद रुपयों के लेन-देन ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। मजदूरी के बकाया पैसे मांगने पर हुए विवाद के बाद एक युवक की न केवल पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई, बल्कि साक्ष्य मिटाने के लिए उसके शव को जलाने का भी प्रयास किया गया। कुठला पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए 48 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है。

पैसे मांगने पर दी थी जान से मारने की धमकी

घटनाक्रम के अनुसार, मृतक छब्बू कोल अपनी पत्नी के साथ रमेश लोधी उर्फ भल्लू दलाल के खेत में रहकर मजदूरी करता था। बीते 31 मार्च की सुबह जब छब्बू ने अपनी मेहनत की मजदूरी के पैसे मांगे, तो रमेश लोधी के साथ उसका विवाद हो गया। चश्मदीदों के अनुसार, उस दौरान रमेश ने छब्बू को सार्वजनिक रूप से जान से मारने की धमकी भी दी थी। विवाद के बाद से ही छब्बू संदिग्ध रूप से लापता हो गया और अगले दिन उसका जला हुआ शव खेत के पास बरामद हुआ。

 

पत्थर से कुचला सिर, फिर जलाने की कोशिश

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर हुई जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने छब्बू के सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। हत्या के बाद आरोपी ने मामले को दबाने और साक्ष्य नष्ट करने के उद्देश्य से शव को जलाने का प्रयास भी किया, ताकि उसकी पहचान और हत्या के तरीके को छिपाया जा सके।

 

मुख्य आरोपी पुलिस गिरफ्त में

सीएसपी नेहा पच्चीसिया के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी आकाश लोधी उर्फ गोलू (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि गेहूं के बंटवारे और मजदूरी की बात को लेकर हुए विवाद के बाद उसने छब्बू की हत्या की थी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया है।

 

टीम को मिलेगा इनाम

इस संवेदनशील मामले का त्वरित खुलासा करने वाली टीम में कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा, उपनिरीक्षक सौरभ सोनी और अन्य पुलिस कर्मियों की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए गिरफ्तारी पर घोषित इनाम राशि देने की घोषणा की है। पुलिस अब मामले में रमेश लोधी की भूमिका की जांच कर रही है।

Exit mobile version