जिला अस्पताल में उपचार के दौरान 14 वर्षीय बालिका की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप,आक्रोशित परिजन व बजरंग दल कार्यकर्ताओं का हंगामा, अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान 14 वर्षीय बालिका की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप,आक्रोशित परिजन व बजरंग दल कार्यकर्ताओं का हंगामा, अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थित
कटनी। शहर के तिलक महाविद्यालय के समीप स्थित जागृति कॉलोनी निवासी 14 वर्षीय बालिका स्नेहा शुक्ला, पिता आदित्य कुमार शुक्ला, को पेट में तेज दर्द की शिकायत होने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों के अनुसार अस्पताल पहुंचने के लगभग आधे घंटे के भीतर ही बालिका की मौत हो गई।
घटना के बाद बालिका के पिता ने चिकित्सकों पर गलत उपचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उपचार में लापरवाही के कारण उनकी बेटी की जान गई। मामले को लेकर परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंच गए और अस्पताल के मुख्य द्वार पर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। समाचार लिखे जाने तक अस्पताल परिसर में हंगामा जारी था और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मौके पर मौजूद था।
परिजनों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं अस्पताल प्रबंधन और पुलिस द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।