केंद्रीय बजट से ‘आत्मनिर्भर भारत’ को नई रफ्तार गरीब, महिला, किसान और युवाशक्ति पर केंद्रित, ‘सबका साथ–सबका विकास’ की स्पष्ट झलक: संजय पाठक
कटनी। विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट देश को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ाने वाला सिद्ध होगा। बजट में गरीब, महिला, किसान और युवाशक्ति को केंद्र में रखते हुए समावेशी विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया गया है, जिसमें ‘सबका साथ–सबका विकास’ की भावना साफ दिखाई देती है। विधायक श्री पाठक ने कहा कि इस बजट में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि अधोसंरचना को मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने पर विशेष जोर दिया गया है। सिंचाई, भंडारण, कृषि विपणन और किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से खेती को लाभकारी बनाने का प्रयास किया गया है।
महिलाओं के सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए शिक्षा, स्वावलंबन, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों को और मजबूत किया गया है, जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्टार्टअप और रोजगार के अवसर बढ़ाने वाले प्रावधान बजट की प्रमुख विशेषता हैं। नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहन देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
वहीं गरीब और वंचित वर्गों के लिए आवास, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधान यह सुनिश्चित करते हैं कि विकास का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन में प्रस्तुत यह केंद्रीय बजट एक समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में निर्णायक साबित होगा। यह बजट न केवल वर्तमान आवश्यकताओं को पूरा करता है, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए देश के आर्थिक और सामाजिक विकास की मजबूत नींव भी रखता है।