संबंधित एसडीएम के नेतृत्व में करें उड़नदस्ता दल गठित
कटनी(YASHBHARAT.COM)। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के पहले से ही अवैध रूप से धान का भंडारण व परिवहन करने वाले व्यक्तियों, दलालों, व्यापारियों और बिचौलियों पर अभी से कड़ी नजर रखने कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है। कलेक्टर श्री तिवारी ने सोमवार को समय-सीमा बैठक में अवैध धान के भंडारण व परिवहन पर निगरानी रखने उड़नदस्ता दल गठित करने और नियम विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने अवैध अनाज विशेषकर धान परिवहन और क्रय-विक्रय के मामलों की निगरानी हेतु संबंधित अनुविभाग के एसडीएम के नेतृत्व में उड़नदस्ता दल गठित करने और दल में राजस्व , खाद्य एवं कृषि उपज मंडी के अधिकारियों को शामिल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उड़नदस्ता दल को धान परिवहन ख़ासतौर पर जिले में अन्य जिलों से लाकर यहां समर्थन मूल्य पर धान बेचने की चेष्टा करने वाली हर गतिविधि पर नजर रखने की हिदायत दी है।ताकि उपार्जन केन्द्रों में केवल जिले के किसानों की ही धान खरीदी की जा सके और जिले के किसानों को ही उनकी उपज का उपार्जन मूल्य का लाभ मिल सके।
उड़न दस्ता दल की तैनाती
जिले में समर्थन मूल्य पर अन्य जिलों से धान लाकर बेचने के संभावित कुत्सित मंसूबों पर लगाम लगानें हेतु कलेक्टर श्री तिवारी ने उड़नदस्ता दल गठित करनें के निर्देश दिए है। यह उड़नदस्ता दल जिले के वन एवं खनिज जांच नाकों सहित जिले भर मे अनाज के अवैध परिवहन पर नजर रखेगा। इसके साथ ही दलालों और बिचौलियों पर भी कड़ी नजर रखेगा। यह उड़नदस्ता दल जिले के मुख्य मार्गाे सहित जिले भर मे पेट्रोलिंग कर धान के अवैध परिवहन पर नियंत्रण और रोकथाम की कार्यवाही करेगा।
दर्ज कराई जाएगी एफआईआर
कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि जिले मे अवैध रूप से धान के परिवहनकर्ताओं के विरूद्ध बिना किसी हिचक के कड़ी कार्यवाही की जाए। इनके विरूद्ध पुलिस थानों में एफ.आई.आर भी दर्ज करायें। उड़नदस्ता दल अधिसूचित कृषि उपज के अवैध परिवहन पर नजर रखते हुए कृषि उपज मंडी फीस और निराश्रित शुल्क के अपवंचन पर भी रोक लगानें का कार्य करेगा। साथ ही अवैध परिवहन पर मंडी अधिनियम के नियमानुसार पेनाल्टी शुल्क की भी वसूली करेगा। जिससे मंडी की आमदनी में भी इजाफा होगा।














