शाही भारत दौरा: प्रिंस विलियम और केट मिडलटन आज पहुंचेंगे भारत, मुंबई में ‘अर्थशॉट प्राइज’ में होंगे शामिल; पीएम मोदी से भी करेंगे मुलाकात

प्रिंस विलियम

शाही भारत दौरा: प्रिंस विलियम और केट मिडलटन आज पहुंचेंगे भारत, मुंबई में ‘अर्थशॉट प्राइज’ में होंगे शामिल; पीएम मोदी से भी करेंगे मुलाकात

मुंबई/नई दिल्ली: ब्रिटेन के प्रिंस ऑफ वेल्स विलियम और प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन आज (सोमवार, 16 नवंबर) से अपने तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंच रहे हैं। यह शाही जोड़े का दूसरा आधिकारिक भारत दौरा है, और केट मिडलटन के स्वास्थ्य लाभ के बाद दोनों का यह पहला बड़ा संयुक्त विदेशी दौरा भी है।

इस दौरे का मुख्य आकर्षण मुंबई में मंगलवार, 17 नवंबर को आयोजित होने वाला छठा ‘अर्थशॉट प्राइज’ (Earthshot Prize) अवॉर्ड समारोह है। आयोजकों के मुताबिक, 24 राज्यों के 15,000 स्कूलों की भागीदारी के साथ यह अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होने जा रहा है।

 मुंबई प्रवास के दौरान प्रिंस विलियम और केट मिडलटन पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, स्वच्छ ऊर्जा और युवाओं के नेतृत्व में चल रहे हरित अभियानों को करीब से देखेंगे। इसके साथ ही क्रिकेट, फैशन और भारतीय सिनेमा के माध्यम से भारत और ब्रिटेन के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों की झलक भी देखने को मिलेगी। शाही जोड़ा मुंबई के प्रमुख स्थलों पर जाकर ‘अर्थशॉट प्राइज 2026’ के फाइनलिस्टों से भी मुलाकात करेगा।

 ब्रिटिश हाई कमीशन के अनुसार, मुंबई के कार्यक्रमों के बाद दौरे के अंतिम चरण में दोनों शाही मेहमान नई दिल्ली पहुंचेंगे, जहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होगी। यह दौरा ऐसे महत्वपूर्ण समय में हो रहा है जब भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) लागू होने से द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को नई गति मिली है। दोनों देश ‘विजन 2035’ साझेदारी के तहत स्वच्छ ऊर्जा, तकनीक, निवेश, शिक्षा और सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें-  जीवन प्रमाण-पत्र के नाम पर 76 वर्षीय रिटायर्ड कर्मचारी से साइबर ठगी, क्राइम ब्रांच ने वापस कराए रुपये

प्रिंस विलियम ने साल 2020 में पर्यावरण से जुड़ी दुनिया की सबसे गंभीर चुनौतियों का समाधान तलाशने के उद्देश्य से ‘अर्थशॉट प्राइज’ की शुरुआत की थी। इसके तहत हर साल पाँच प्रमुख श्रेणियों—जलवायु परिवर्तन, कचरा प्रबंधन, वायु प्रदूषण, समुद्री संरक्षण और जैव विविधता—में बेहतरीन नवाचार करने वाले पांच विजेताओं को चुना जाता है। प्रत्येक विजेता को अपने प्रोजेक्ट को बड़े स्तर पर लागू करने के लिए 10 लाख पाउंड (करीब 11 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि दी जाती है। गौरतलब है कि दुनिया भर में अब तक सबसे ज्यादा अर्थशॉट विजेता और फाइनलिस्ट भारत से ही रहे हैं।