पश्चिम बंगाल: आपसी झड़प में BJP कार्यकर्ता की मौत, पत्नी और स्थानीय विधायक ने TMC से आए नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप
कोलकाता पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी इलाके में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं के बीच हुई आपसी झड़प में एक पार्टी कार्यकर्ता की मौत हो गई है। मृतक की पहचान अरूप साहा के रूप में हुई है, जो पानीहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर 14 की बीजेपी सचिव रुमा साहा के पति थे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम एक स्थानीय कारोबारी के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की जा रही थी। बीजेपी की वार्ड सचिव रुमा साहा ने इस हमले का विरोध किया, जिस पर पार्टी के ही कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। पत्नी के साथ दुर्व्यवहार होता देख अरूप साहा बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें जोर से धक्का दे दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
मारपीट और गिरने की वजह से अरूप साहा को गंभीर चोटें आईं। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत सागर दत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद रविवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनकी मौत की खबर फैलते ही स्थानीय राजनीति में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद मृतक की पत्नी रुमा साहा ने पार्टी के ही एक धड़े पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इस हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस (TMC) छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए कुछ कार्यकर्ता हैं, जो लंबे समय से पार्टी के भीतर अशांति फैला रहे हैं।
वहीं, घटना के बाद पानीहाटी की बीजेपी विधायक रत्ना देबनाथ ने भी इलाके का दौरा किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने सीधे तौर पर टीएमसी से बीजेपी में आए पूर्व सदस्यों को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया। विधायक ने सख्त लहजे में कहा कि टीएमसी के उपद्रवी अब बीजेपी में घुसकर इस तरह के हमले कर रहे हैं और पार्टी के भीतर ऐसी अनुशासनहीनता व गुंडागर्दी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













