Thursday, April 23, 2026
Latest:
katni

अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल तेंदुए का सफल रेस्क्यू, मुकुंदपुर जू में इलाज जारी

कटनी (23 अप्रैल)।अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल तेंदुए का सफल रेस्क्यू, मुकुंदपुर जू में इलाज जारी।  कटनी-उमरिया हाईवे पर सड़क हादसे का शिकार हुए एक तेंदुए का वन विभाग एवं वन विकास निगम की मुस्तैदी से सफल रेस्क्यू कर उसे नया जीवन देने का प्रयास किया गया। घायल तेंदुए को उपचार के लिए मुकुंदपुर जू भेजा गया है, जहां उसका गहन इलाज जारी है।

कुंडम परियोजना मंडल (राज्य वन विकास निगम) के अंतर्गत बड़वारा परिक्षेत्र की भदौरा बीट में कक्ष क्रमांक 453 के पास हाईवे किनारे एक तेंदुआ गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया गया। सूचना मिलते ही वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थिति का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुआ घायल हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही संभागीय प्रबंधक श्री मोहित सूद ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और उनके मार्गदर्शन में संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मौके पर पहुंची टीम ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए रेस्क्यू कार्य शुरू किया।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश तोमर को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने तेंदुए को सुरक्षित रूप से ट्रंक्युलाइज (बेहोश) किया। इसके बाद कटनी वन मंडल से प्राप्त विशेष ट्रैप केज की मदद से तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ा गया।

इसके बाद घायल तेंदुए को तत्काल मुकुंदपुर जू भेजा गया, जहां विशेषज्ञ वन्यप्राणी चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार तेंदुए को गंभीर चोटें आई हैं, इसलिए उसका इलाज लगातार निगरानी में किया जा रहा है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम