राज्य कर्मचारियों को भी मिले केंद्र के समान बैंक खाता पैकेज सुविधाएं: लघु वेतन कर्मचारी संघ
राज्य कर्मचारियों को भी मिले केंद्र के समान बैंक खाता पैकेज सुविधाएं: लघु वेतन कर्मचारी सं
कटनी। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ जिला शाखा कटनी ने राज्य शासन के कर्मचारियों को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के समान बैंक खाता पैकेज का लाभ उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कटनी को सौंपा गया।
संघ के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके एवं मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि आयुक्त संस्थागत वित्त संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशों के अनुसार सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों द्वारा केंद्र सरकार के कर्मचारियों को प्रदान की जा रही विशेष बैंकिंग सुविधाएं राज्य शासन, निगम, मंडल एवं स्वायत्तशासी निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों को भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
ज्ञापन में मांग की गई है कि कर्मचारियों को आवास, शिक्षा, वाहन एवं व्यक्तिगत ऋण पर रियायती ब्याज दर, लॉकर किराए एवं ऋण प्रसंस्करण शुल्क में छूट, 1.50 करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत एवं हवाई दुर्घटना बीमा, स्थायी एवं आंशिक विकलांगता पर बीमा लाभ, टर्म लाइफ इंश्योरेंस में अतिरिक्त टॉप-अप सुविधा, परिवार के लिए व्यापक स्वास्थ्य बीमा कवर तथा डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड पर विशेष सुविधाएं प्रदान की जाएं।
संघ ने जिला प्रशासन से अनुरोध किया है कि उक्त बैंक खाता पैकेज योजना के संबंध में जिले के सभी विभागों एवं बैंकों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि शासकीय सेवकों को इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर संघ के उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम सहित नीलेश पौराणिक, धर्मेंद्र राज, भागीरथ तिवारी, सोहन दहिया, बालकदास, रुचि विश्वकर्मा, दयाशंकर, नीरज पटेल एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।