साधारण परिवार की बेटी वंदना नामदेव ने रचा सफलता का नया अध्याय सहायक प्राध्यापक पद पर चयन, GATE 2026 भी किया क्वालीफाई; तिलक कॉलेज के शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
साधारण परिवार की बेटी वंदना नामदेव ने रचा सफलता का नया अध्याय
सहायक प्राध्यापक पद पर चयन, GATE 2026 भी किया क्वालीफाई; तिलक कॉलेज के शिक्षकों को दिया सफलता का श्रे
कटनी। साधारण परिवार से निकलकर अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर शासकीय तिलक महाविद्यालय कटनी की मेधावी पूर्व छात्रा वंदना नामदेव ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। वंदना का चयन गणित विषय में सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor) के पद पर हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित GATE 2026 परीक्षा भी उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
वंदना नामदेव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से वर्ष 2018 में पूरी की। इसके बाद उन्होंने शासकीय कन्या महाविद्यालय से B.Sc. वर्ष 2021 तथा शासकीय तिलक महाविद्यालय कटनी से M.Sc. (गणित) वर्ष 2023 में पूर्ण की। उन्होंने SET परीक्षा भी उत्तीर्ण की है।
वंदना के पिता संतोष कुमार नामदेव सिलाई का कार्य करते हैं, जबकि उनकी माता सुनीता नामदेव हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद वंदना ने शिक्षा के प्रति निरंतर समर्पण बनाए रखा और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ती रहीं। उनकी सफलता ने परिवार के साथ-साथ तिलक महाविद्यालय का भी गौरव बढ़ाया है।
शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया श्रेय
अपनी उपलब्धि का श्रेय वंदना ने विशेष रूप से शासकीय तिलक महाविद्यालय में M.Sc. के दौरान मार्गदर्शन देने वाले डॉ. राहुल कुमार मौर्य, श्री शंकर कुमार मेहता एवं श्री धीरज कुमार को दिया है।
वंदना ने कहा कि तिलक कॉलेज में M.Sc. की पढ़ाई के दौरान उन्हें प्राध्यापकों का निरंतर मार्गदर्शन मिला। गणित जैसे विषय के कठिन कॉन्सेप्ट्स को सरलता से समझाने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सही दिशा देने और हर स्तर पर उनका उत्साह बढ़ाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि शासकीय तिलक महाविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण उनकी सफलता की मजबूत नींव बना।
वंदना की इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।