गौशाला में अव्यवस्थाओं का आरोप, विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन 8 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
गौशाला में अव्यवस्थाओं का आरोप, विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन
8 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावन
कटनी। अमीरगंज स्थित गौशाला में गौवंश के रख-रखाव में कथित लापरवाही, अव्यवस्थाओं एवं गायों की मृत्यु के मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, जिला कटनी द्वारा नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने गौशाला में चारा-पानी, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा और गौवंश की देखरेख की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया कि गौशाला में किन परिस्थितियों में गौवंश की मृत्यु हुई, इसकी निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही मृत गायों की पशु चिकित्सीय जांच, गौशाला के रिकॉर्ड एवं संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने तथा लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
संगठन ने अमीरगंज गौशाला का तत्काल निरीक्षण कराने, चारा-पानी, दवा, उपचार एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने तथा भविष्य में गौवंश की सुरक्षा के लिए नियमित निरीक्षण एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को 8 दिवस के भीतर जांच शुरू कर आवश्यक कार्रवाई एवं व्यवस्थाओं में सुधार करने का समय दिया गया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में ठोस कार्रवाई नहीं होने पर बजरंग दल द्वारा आंदोलन एवं प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होने की बात कही है।