मेरे सपनों का भारत’ सेवा संकल्प अभियान में छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा झिंझरी जेल में चित्रकला प्रतियोगिता, समाजसेवी व अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी सम्मानित
‘मेरे सपनों का भारत’ सेवा संकल्प अभियान में छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
झिंझरी जेल में चित्रकला प्रतियोगिता, समाजसेवी व अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी सम्मानि
कटनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में देशभर में चलाए जा रहे ‘मेरे सपनों का भारत सेवा संकल्प’ अभियान के अंतर्गत झिंझरी जेल परिसर में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी के मार्गदर्शन में छात्राओं ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपनी कल्पनाओं और विचारों को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीगणेश के पूजन-दर्शन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि झिंझरी जेल अधीक्षक प्रभात कुमार चतुर्वेदी एवं उप अधीक्षक अरविंद खरे के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में संदीपनी विद्यालय, शासकीय कन्या विद्यालय सिविल लाइन-गणेश चौक तथा गुरुकुल विद्या मंदिर की करीब 26 से 30 छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका दीप्ति श्रीवास्तव ने किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने स्वच्छता एवं जनसेवा, विकसित भारत की संकल्पना, राष्ट्र निर्माण में सामाजिक सहभागिता और सामाजिक दायित्व जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने अपने चित्रों के माध्यम से ऐसे भारत की कल्पना प्रस्तुत की, जहां बेटियां आत्मनिर्भर, निर्भीक और निडर होकर आगे बढ़ सकें।
इस अवसर पर समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी ने छात्राओं को दृढ़संकल्प दिलाते हुए कहा कि बेटियां जीवन पथ पर कोमल हो सकती हैं, लेकिन कमजोर कभी नहीं। उन्होंने आत्मनिर्भर एवं सशक्त बेटियों के माध्यम से मजबूत राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जेल अधीक्षक प्रभात कुमार चतुर्वेदी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मंच पर प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करने वाले विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य राजेंद्र पांडेय, श्रीमती शालिनी तिवारी एवं श्रीमती नीलम यादव को भी आत्मीय सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।