katniमध्यप्रदेश

चलती ट्रेन में महिला के सिराने रखा पर्स लेकर भागा नकाबपोश बदमाश, कटनी जंक्शन व साउथ स्टेशन के बीच वारदात, जबलपुर में दर्ज हुई एफआइआर

चलती ट्रेन में महिला के सिराने रखा पर्स लेकर भागा नकाबपोश बदमाश, कटनी जंक्शन व साउथ स्टेशन के बीच वारदात, जबलपुर में दर्ज हुई एफआइआ

कटनी। रेल प्रशासन की लाख कोशिशों के बावजूद चलती ट्रेनों और स्टेशनों के आउटर पर खड़ी ट्रेनों से यात्रियों के सामान चोरी जाने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। जीआरपी व आरपीएफ की निष्क्रियता के चलते कटनी जंक्शन के आउटर में एक बार फिर बदमाशों की सक्रियता बढ़ गई है। बेखौफ बदमाश वारदातों को अंजाम देने लगे हैं, हालात ये हो गए हैं कि अब ट्रेन के अंदर यात्रा करने वाले यात्री भी सुरक्षित नहीं है। जिसके कारण यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यात्री के सामान चोरी जाने की ताजा घटना रीवा से भोपाल जा रही साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन में घटित हुई है। जिसमें एक नकाबपोश बदमाश ने फिल्मी अंदाज में उस समय वारदात को अंजाम दिया, जब महिला पर्स को सिर के नीचे रख कर सो रही थी। इसी दौरान नकाबपोश बदमाश चलती ट्रेन के कोच नंबर 5 की बर्थ नंबर 65-68 पर पहुंचा और महिला का पर्स छीन कर फरार हो गया। बताया जाता है की महिला के पर्स में करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने, चांदी के जेवरात, नगदी तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। वारदात के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक रीवा के ढिकहा क्षेत्र निवासी रामदत्त पाठक अपनी पत्नी एवं बच्चों कके साथ 9 जून को गाड़ी संख्या 22146 रीवा-भोपाल साप्ताहिक एक्सप्रेस में रीवा से भोपाल की यात्रा कर रहे थे। रात को ट्रेन कटनी स्टेशन से चलने के बाद आउटर पर पहुंची ही थी कि इसी दौरान एक बदमाश चेहरे को कपड़े से बांधकर ट्रेन में चढ़ा और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।

वारदात के बाद चलती ट्रेन से उतर कर भागा बदमाश

पीडि़त यात्री ने बताया कि नकाबपोश उसकी पत्नी के सिर के नीचे रखे पर्स को छीनकर भाग गया तो उसने जोर-जोर से आवाज लगाई। घटना इतनी तेजी से हुई कि वह कुछ समझ पाते उससे पहले ही आरोपी आंखों से ओझल होकर चलती ट्रेन से उतर कर भाग गया। पीडि़त ने आगे बताया कि पर्स के अंदर तीन तोला का सोने का हार, एक एक तोला का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, कान की बाली, एक कीमती मोबाइल एवं नगदी 15 हजार रुपए रखे हुए थे, जिसकी कुल कीमत 10 लाख रुपए है।

जंजीर खींचने का भी नहीं हुआ कोई फायदा

घटना के बाद यात्री द्वारा नकाबपोश को पकडऩे के लिए कोच के अंदर जोर-जोर से आवाज लगाते हुए चैन पुलिंग भी की गई। नकाबपोश चलती ट्रेन से उतर कर फरार हो गया। यात्री द्वारा इस घटना की सूचना जीआरपी को दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों और जीआरपी में हडक़ंप मच गया। ट्रेन जबलपुर पहुंचते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और पीडि़त यात्री की रिपोर्ट दर्ज की गई। पीडि़त यात्री के मुताबिक जबलपुर जीआरपी ने जीरो पर मामला दर्ज कर डायरी कटनी जीआरपी को भेज दी है। ट्रेन के विभिन्न कोचों में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की जा रही है तथा स्टेशन और ट्रेन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी गिरोह का सदस्य हो सकता है जो ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता है।

यात्रियों में भय व दहशत का माहौल

इस सनसनीखेज घटना के बाद यात्रियों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि जब आरक्षित कोचों में भी यात्री सुरक्षित नहीं हैं तो रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा कैसे किया जाए। लगातार सामने आ रही चोरी और झपटमारी की घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है।

इनका कहना है

इस संबंध में बातचीत करते हुए थाना प्रभारी जीआरपी जबलपुर संजीवनी राजपूत ने कहा की रीवा सुपरफास्ट में एक नकाबपोश द्वारा महिला का पर्स छीन कर भागा है। पीडि़त की शिकायत पर मामला जीरो में दर्ज कर डायरी कटनी जीआरपी भेजी गई है।

Back to top button