पचमढ़ी में दर्दनाक हादसा: बंदर से बैग छुड़ाने की कोशिश में 150 फीट गहरी खाई में गिरा नागपुर का पर्यटक, मौत

Screenshot 20261107 165614 Chrome

Yashbharat dot com पचमढ़ी। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पचमढ़ी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्रियदर्शिनी व्यू प्वाइंट पर फोटो खिंचवा रहे नागपुर के पर्यटक विजय नायक की 150 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक बंदर उनका बैग छीनकर ले जाने लगा था। इसी दौरान बैग वापस लेने की कोशिश में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे खाई में जा गिरे।

 

जानकारी के मुताबिक, विजय नायक नागपुर से 20 स्कूली बच्चों के समूह के साथ पचमढ़ी घूमने आए थे। उनके पिता भी इस यात्रा में साथ थे। शनिवार सुबह करीब 6:45 बजे सभी लोग प्रियदर्शिनी व्यू प्वाइंट (सनराइज प्वाइंट) पहुंचे थे। इसी दौरान विजय फोटो खिंचवा रहे थे, तभी एक बंदर ने उनके बैग पर झपट्टा मारकर उसे छीनने की कोशिश की।

 

बैग बचाने के चक्कर में विजय बंदर से उलझ गए। बताया जा रहा है कि वे सुरक्षा रेलिंग पार कर बैग वापस लेने आगे बढ़े थे। इसी दौरान उनका पैर फिसला और वे सीधे गहरी खाई में जा गिरे। हादसा होते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

 

तीन घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

 

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। खाई करीब 150 फीट गहरी होने के कारण शव को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब तीन घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के बाद विजय का शव बाहर निकाला जा सका।

 

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन शव लेकर नागपुर रवाना हो गए। इस हादसे से बच्चों के समूह और परिजनों में शोक का माहौल है।