दीपावली पर आयुक्त तपस्या परिहार ने शहरवासियों से की खास अपील, त्योहार की खुशियों के साथ स्वच्छता का भी रखें ध्यान

IMG 20261107 WA0011

कटनी। धनतेरस और दीपावली के पर्व को लेकर नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने शहरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दीपावली रोशनी और खुशियों का पर्व है, ऐसे में इसकी उमंग के बीच अपनी और दूसरों की सुरक्षा के साथ शहर की स्वच्छता का ध्यान रखना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।

 

आयुक्त ने आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतने और ध्वनि व वायु प्रदूषण से बचने की अपील करते हुए कहा कि त्योहार का आनंद ऐसा हो, जिससे किसी दूसरे को परेशानी न हो। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों के साथ आसपास के सार्वजनिक स्थलों को भी साफ-सुथरा रखने का आग्रह किया।

 

उन्होंने कचरा प्रबंधन को लेकर नागरिकों से अपील की कि घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखें और नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन को ही सौंपें। साथ ही सफाई मित्रों का सहयोग करें और सड़कों, गलियों व सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने से बचें।

 

आयुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना सिर्फ नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। जब शहरवासी भी अपनी जिम्मेदारी समझेंगे, तभी कटनी को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने का लक्ष्य पूरा हो सकेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से दीपावली की खुशियां मनाने के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।