रिहायशी इलाके में पहुंचा चीता: बानमोर औद्योगिक क्षेत्र में दहशत, कूनो की टीम ने रेस्क्यू कर वापस भेजा

रिहायशी इलाके में पहुंचा चीता

मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से भटका एक चीता शनिवार को ग्वालियर के समीप बानमोर औद्योगिक क्षेत्र में जा पहुंचा। घने रिहायशी और औद्योगिक इलाके में चीते की मौजूदगी की खबर फैलते ही स्थानीय निवासियों और फैक्ट्री कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

शनिवार सुबह फैक्ट्री परिसर में चीते के तेजी से दौड़ने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए कूनो नेशनल पार्क की विशेष ट्रैकिंग और रेस्क्यू टीम ने त्वरित कार्रवाई की।

हाईवे पर मंडराया बड़ा खतरा बानमोर औद्योगिक क्षेत्र दिल्ली-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग (हाईवे) से बिल्कुल सटा हुआ है। इस मार्ग पर दिन-रात तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। चीते के हाईवे की ओर बढ़ने से न केवल वन्यजीव की जान पर जोखिम बन आया था, बल्कि किसी बड़े सड़क हादसे की संभावना भी गहरा गई थी।

दो दिनों से चल रही थी ट्रैकिंग वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, चीते की गतिविधियों पर पिछले दो दिनों से नजर रखी जा रही थी। गुरुवार को चीते को पवाया क्षेत्र में सांक नदी के किनारे देखा गया था, जिसके बाद से ही ट्रैकिंग टीम उसके पीछे लगी हुई थी।

शनिवार को बानमोर में लोकेट होने के बाद ट्रैकिंग टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सुरक्षित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और चीते को सुरक्षित काबू में लेकर वापस कूनो नेशनल पार्क भेज दिया। चीते के रेस्क्यू के बाद स्थानीय प्रशासन और नागरिकों ने राहत की सांस ली है।