सिवनी भीषण हादसा: छपारा के जैन मोहल्ले में सर्राफा व्यापारी के 3 मंजिला मकान में दर्दनाक आग, 6 लोगों की जलकर मौत

सिवनी

सिवनी (मध्य प्रदेश)। सिवनी जिले के छपारा कस्बे से एक अत्यंत हृदय विदारक खबर सामने आई है। महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे प्रसिद्ध सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। इस खौफनाक हादसे में परिवार के 6 सदस्यों (4 महिलाओं और 2 पुरुषों) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 अन्य सदस्यों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

तड़के हुए इस भयावह हादसे से पूरे छपारा क्षेत्र और व्यापारिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

सुबह 4:30 बजे की खौफनाक घटना: पूरे मकान को आग की लपटों ने घेरा

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त तीन मंजिला मकान में परिवार के कुल 10 लोग सो रहे थे। सुबह करीब साढ़े चार बजे अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय निवासियों और पड़ोसियों ने तुरंत बाल्टियों से पानी फेंककर आग पर काबू पाने की कोशिश की और दमकल विभाग को सूचना दी। हालांकि, जब तक दमकल और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।

रेस्क्यू दल ने कड़ी मशक्कत के बाद 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन 6 जिंदगियों को नहीं बचाया जा सका। एसडीओपी अपूर्व भलावी ने जानकारी दी कि फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम ने काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया है। आग लगने का स्पष्ट कारण अभी ज्ञात नहीं हो सका है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें-  50% से कम रहा बोर्ड रिजल्ट तो रुकेगी इंक्रीमेंट: मप्र स्कूल शिक्षा विभाग का कड़ा आदेश, प्राचार्य और शिक्षकों पर तय होगी जवाबदेही

हादसे में मृतकों एवं सुरक्षित बचे सदस्यों की सूची

मृतकों के नाम:

  1. कुंदन लाल सोनी (उम्र 75 वर्ष) – मकान मालिक व सर्राफा व्यापारी

  2. राजकुमारी सोनी (उम्र 65 वर्ष) – पति कुंदन लाल सोनी

  3. सूर्या सोनी (उम्र 45 वर्ष) – पति रितेश सोनी

  4. ऋतु सोनी (उम्र 42 वर्ष) – पति विशाल सोनी

  5. स्मृति सोनी (उम्र 40 वर्ष) – पति सौरभ सोनी

  6. आदित्य सोनी (उम्र 16 वर्ष) – पिता विशाल सोनी

जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया:

  1. रितेश सोनी (उम्र 45 वर्ष) – पिता कुंदन सोनी

  2. सौरभ सोनी (उम्र 43 वर्ष) – पिता कुंदन सोनी

  3. आकर्ष सोनी (उम्र 14 वर्ष) – पिता रितेश सोनी

  4. अमायरा सोनी (उम्र 07 वर्ष) – पिता सौरभ सोनी

विधायक और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे मौके पर

हादसे की खबर मिलते ही केवलारी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक रजनीश हरवंश सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी मौके पर पहुंचे।

विधायक रजनीश सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित सोनी परिवार के प्रति अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। प्रशासन द्वारा हादसे की कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।