स्वच्छता, पोषण और महिला स्वास्थ्य को लेकर छात्राओं को किया जागरूक एनएसएस के सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

स्वच्छता, पोषण और महिला स्वास्थ्य को लेकर छात्राओं को किया जागरूक

एनएसएस के सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजि

कटनी, 29 सितंबर। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत स्वच्छता, पोषण एवं महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन एवं एनएसएस प्रभारी डॉ. शिल्पी सिंह के संयोजन में हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से किया गया। इस दौरान छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, पोषण, नियमित दिनचर्या एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. उमा निगम एवं उनकी टीम ने छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक जांच की। जांच के दौरान पोषण अथवा स्वास्थ्य संबंधी कमी के संकेत मिलने पर छात्राओं को आवश्यक सावधानियों एवं उचित उपायों की जानकारी दी गई। संतुलित आहार में आयरन, प्रोटीन, विटामिन सहित आवश्यक पोषक तत्वों को शामिल करने पर विशेष जोर दिया गया।

महिला स्वच्छता के संबंध में छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म के दौरान आवश्यक सावधानियों तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने की सलाह दी गई। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। आयोजन में एनएसएस स्वयंसेवी छात्राओं सहित महाविद्यालय के संबंधित सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

↑
Exit mobile version