Katni Police News: दीपावली पर्व पर भी कायम रहे शांति,जबलपुर से आकर आईजी ने की समीक्षा ,दिए निर्देश
दीपावली पर्व पर भी कायम रहे शांत
गुंडे, बदमाशों व जुआरियों पर नजर रखें थाना प्रभारी
जबलपुर से आकर आईजी ने की थानावार अपराधों की समीक्ष
कटनी। जिले की कानून व्यवस्था व अपराध को लेकर शनिवार को जबलपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक उमेश जोगा ने समीक्षा की। समीक्षा बैठक में मौजूद पुलिस अधिकारियों व थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। खासकर दीपावली पर्व को लेकर आईजी ने पुलिस अधिकारियों व थाना प्रभारियों को चौकन्ना रहकर कार्य करने के निर्देश दिए। इसके पूर्व आईजी उमेश जोगा शनिवार की अपरांह सड़क मार्ग से कटनी आगमन हुआ। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आईजी श्री जोगा का अधीक्षक सुनील कुमार जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज केडिया सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम के सभागार में पुलिस महानिरीक्षक उमेश जोगा ने एक-एक कर थानेवार अपराध व कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। समीक्षा के दौरान मुकदमों के निस्तारण की स्थिति, अपराधियों पर प्रभावी कार्यवाही, पुलिस की कार्यवृति आदि की जानकारी ली गयी एवं संबन्धित को आवश्यक निर्देश दिए। आईजी ने कहा कि किसी भी घटना का अनावरण होना चाहिए। जितने भी वारंटी है उन्हें गिरफ्तार किया जाए। आईजी ने कहा कि दशहरा पर्व सकुशल सम्पन्न हो गया। अब दीपावली पर्व में नजर रखने की जरुरत है। पर्व में मारपीट की घटना न होने पाए। गैंगेस्टर व गुंडा एक्ट में पाबंद लोगो पर की गयी कार्रवाई के बारे में भी आईजी ने जानकारी ली। बरही के बाणसागर डूब क्षेत्र में निर्मम हत्या कर हाथ, पैर व मुंह बांधकर फेंकी गई बोरा बंद युवक की लाश के बारे में पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन ने अपडेट कराया और बताया कि युवक की शिनाख्तगी के प्रयास किए जा रहे हैं। युवक की शिनाख्त होते ही पुलिस इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर देगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज केडिया सहित दूसरे पुलिस अधिकारी व थाना प्रभारी उपस्थित रहे।