कटनी पुलिस का विशेष सुरक्षा अभियान जारी, राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में जिलेभर में सघन चेकिंग

कटनी पुलिस का विशेष सुरक्षा अभियान जारी, राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में जिलेभर में सघन चेकिं

कटनी । पुलिस अधीक्षक  अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  कमल मौर्य के मार्गदर्शन में कटनी पुलिस द्वारा जिलेभर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विशेष सुरक्षा, चेकिंग एवं फ्रिस्किंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मैदान में उतरकर पुलिस बल का नेतृत्व किया तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, पार्क, सुनसान एवं शैडो एरिया सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने देर रात तक सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूम रहे व्यक्तियों तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त प्रतीत होने वाले लोगों से पूछताछ कर उनकी पहचान का सत्यापन किया। आवश्यक दस्तावेजों की जांच के साथ उनके पास मौजूद सामान की भी विधिवत तलाशी ली गई।

पुलिस ने अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच कर अपराधों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।

कटनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या घटना की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें, ताकि जिले में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखा जा सके।

Exit mobile version