तलवार और चाकू लेकर घूम रहे दो युवक गिरफ्तार,कुठला पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत की कार्रवाई, न्यायालय ने भेजा जेल

तलवार और चाकू लेकर घूम रहे दो युवक गिरफ्तार,कुठला पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत की कार्रवाई, न्यायालय ने भेजा जे

 

 

कटनी। आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कुठला पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए धारदार हथियार लेकर घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लोहे की तलवार और एक धारदार चाकू बरामद किया है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर की रात पेट्रोलिंग के दौरान पहलबान ढाबा के आगे नहर के पास इन्द्रानगर निवासी शिब्बू चौधरी (20) संदिग्ध अवस्था में मिला। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से धारदार लोहे की तलवार बरामद हुई। पुलिस ने तलवार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, 15 सितंबर को भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इन्द्रानगर बायपास स्थित यात्री प्रतीक्षालय में एक युवक धारदार चाकू लेकर खड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहित पटेल (22), निवासी इन्द्रानगर गली नंबर 4 बताया। तलाशी में उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद हुआ।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध पृथक-पृथक धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। इसमें सहायक उप निरीक्षक रवि शुक्ला, प्रधान आरक्षक अजय यादव, राहुल मिश्रा, रामेश्वर सिंह, आलोक तिवारी, आरक्षक दुर्गेश सिंह, विवेक शुक्ला, विजय प्रजापति सहित पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Exit mobile version