निगमायुक्त ने समय-सीमा की बैठक में की विभागीय कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा,हाउस सर्विस कनेक्शन एवं रेस्टोरेशन की धीमी गति पर जताई नाराजगी, शासकीय कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं – तपस्या परिहार
कटनी – नगर निगम कार्यालय में सोमवार को आयोजित टीएल बैठक में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा सीएम हेल्पलाइन, विभागीय गतिविधियों, समय सीमा वाले पत्रों, जनसुनवाई के लंबित आवेदनों सहित शासकीय योजनाओं तथा विकास कार्यों की साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा कर प्रकरणों के निराकरण की जानकारी पोर्टल पर अपडेट करने के साथ ही शासकीय कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। निगमायुक्त ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि वे स्व-प्रेरणा से परिणाममुखी कार्यशैली रखें ताकि आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। बैठक में उपायुक्त द्वय श्री शैलेश गुप्ता, प्रियंका झारिया सहित समस्त विभाग प्रमुखों की उपस्थिति रही।
जनसुरक्षा सर्वोपरि
आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न व्यावसायिक एवं सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) व्यवस्था की अनिवार्यता तथा जर्जर भवनों एवं शासकीय विद्यालयों के डिस्मेंटल की कार्यवाही की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि फायर सेफ्टी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा असुरक्षित एवं जर्जर भवनों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई जारी रखी जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि नागरिकों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में सतत निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाए।
प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर फोकस
बैठक में निगमायुक्त ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा कर समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का निराकरण एक सतत प्रक्रिया है। सभी विभागों को शिकायतों पर फोकस कर नियमित रूप से कार्य कर आवेदकों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करना होगा। बैठक के दौरान विशेष रूप से 50 दिवस से अधिक की लंबित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा कर धरातल पर वास्तविक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान निगमायुक्त ने समय-सीमा में कार्यवाही हेतु चिन्हित टी एल पत्रों पर कार्यवाही की अद्यतन स्थिति एवं महापौर जनसुनवाई के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की जाकर अधिकारियों को प्रकरणों पर शीघ्रता से कार्यवाही कर जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए।
जारी करें नोटिस
अमृत योजना के तहत नगर में प्रगतिरत सीवरेज प्रोजेक्ट के तहत पाइपलाइन विस्तार, हाउस कनेक्शन, एस.टी.पी सिविल कार्य एवं रोड रेस्टोरेशन कार्य तथा वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट के विभिन्न कार्यों पाइपलाइन विस्तार, ओवर हैड टैंक, पेयजल कनेक्शन तथा रेस्टोरेशन कार्य की साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा के दौरान हाउस कनेक्शन कार्य एवं रेस्टोरेशन कार्य की गति धीमी पाए जाने पर ठेकेदार को नोटिस जारी करनें के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने रोड रेस्टोरेशन कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखने के साथ ही रोड लेबल मैच कराते हुए वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव को दिए।
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
बैठक में केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं, प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना के क्रियान्वयन पर समीक्षा कर सिटी मिशन मैनेजर को लंबित प्रकरणों का त्वरित रूप से निराकरण करने तथा वर्तमान तिमाही के मासिक लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए प्रकरणों का समय सीमा में निपटारा सुनिश्चित करें, क्रेडिट कार्ड वितरण के 13 प्रकरणों में गति लाने हेतु निर्देशित किया, ताकि हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। लंबित 77 संबल पंजीयन आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए योजना प्रभारी सनद विश्वकर्मा को निश्चित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने तथा समग्र ई-केवाईसी के शत प्रतिशत प्रकरणों का निराकरण करने एवं पेंशन हितग्राहियों के डिजिटल जीवन प्रमाणन के शेष कार्य को वार्ड दरोगा के माध्यम से शीघ्रता से पूर्ण करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए।
भवन आवंटन में पूर्व के पात्र हितग्राहियों को दें प्राथमिकता
आई.एच.एस.डी.पी भवनों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि हितग्राहियों के आवंटित भवनों को आपस में अदला बदली के आदेश जारी किए गए है। सर्वे में पात्र 125 हितग्राहियों की सूची एम.आई.सी में अनुमोदन हेतु प्रेषित की जा रही है। पड़रवारा बस्ती में अवैध रूप से निवासरत भवन स्वामियों से 12 भवनों को रिक्त कराया गया है, शेष में कार्यवाही जारी है। जिसपर निगमायुक्त ने जिन हितग्राहियों को आवंटन के उपरांत भी कब्जे प्रदान नहीं किये गए है उन्हे रिक्त कराए गए भवनों के आवंटन की कार्यवाही प्राथमिकता से करनें के निर्देश दिए।
हांका अभियान करें तेज
नगर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के साथ ही जल निकासी व्यवस्था की रोजाना मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने सार्वजनिक मार्ग में विचरण करने वाले आवारा मवेशियों को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी को उक्त कार्यवाही में गति लाने के साथ ही निगम के कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली जलजमाव की शिकायतों का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी को दिए।
इन महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा
समीक्षा बैठक के दौरान निगमायुक्त ने पौधारोपण अभियान की समीक्षा कर जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवी संस्थाओं से संपर्क कर अभियान को वृहद स्वरूप प्रदान करने, निगमायुक्त ने ट्रांसपोर्ट नगर, लोक निर्माण शाखा एवं विद्युत शाखा के कार्यों, जल गंगा संवर्धन अभियान, स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत आयोजित की जा रही विभिन्न जन जागरूकता गतिविधियों, ई-ऑफिस के संचालन में आ रही परेशानियों, जन्म, मृत्यु एवं विवाह के प्रकरणों, न्यायालयीन प्रकरणों, सहित अन्य विभागों से स्वीकृत कार्यों की विस्तार से समीक्षा कर समय सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त सुश्री परिहार ने निगम प्रशासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रत्येक चरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा कर ताकीद किया कि योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रत्येक कार्यवाही तय समय सीमा में चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करना प्रत्येक अधिकारी का दायित्व है।
इनकी रही मौजूदगी
बैठक में कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, सहायक यंत्री आदेश जैन, सुनील सिंह, उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव, शैलेन्द्र प्यासी, हिमांशु गौतम, राज ललित गुमास्ता, मोना करेरा, रवि हनोते, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक,विधि प्रभारी, योजना प्रभारी, सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी रही।
