कॉलोनी सेल, फायर सेफ्टी एवं अवैध कालोनियों के प्रकरणों पर बरतें गंभीरता : निगमायुक्त, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष जोर

कॉलोनी सेल, फायर सेफ्टी एवं अवैध कालोनियों के प्रकरणों पर बरतें गंभीरता : निगमायुक्त, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष जो
कटनी – नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार की अध्यक्षता में सोमवार को निगम कार्यालय में आयोजित समय-सीमा बैठक में नियलगम की संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं, जनहितकारी कार्यों, लंबित प्रकरणों तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। निगमायुक्त सुश्री परिहार ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं तथा शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उपयुक्त द्वय श्री शैलेश गुप्ता, श्रीमती प्रियंका झारिया सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
कॉलोनी सेल फायर सेफ्टी प्रकरणों पर बरतें गंभीरता
बैठक के दौरान कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह ने बताया कि 9 नवीन अवैध कॉलोनी के प्रकरणों पर एफआईआर की कार्यवाही कराई जा चुकी है तथा 14 अन्य प्रकरण एफ.आई.आर हेतु संबंधित थानों को प्रेषित किये गए है। जिस पर निगमायुक्त ने उपयंत्रियों को क्षेत्रवार थाना से संपर्क कर एफ.आई.आर की कार्यवाही कराने के निर्देश दिए। इस दौरान निगमायुक्त ने कोचिंग सेंटर, अस्पताल, होटल एवं मॉल में फायर सेफ्टी की धीमी जांच पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों में गंभीरता बरतते हुए कार्यवाही में गति लाने के निर्देश दिए। इस दौरान निगमायुक्त ने अवैध मैरिज गार्डन और जर्जर भवनों एवं अनुमति के विपरीत निर्मित भवनों एवं प्रतिष्ठानों को चिन्हित कर कार्यवाही करने के भी निर्देश क्षेत्रीय उपयंत्रियों को निर्देशित किया।
राजस्व वसूली बढ़ाने पर निगमायुक्त का जोर
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में निर्धारित 39.69 करोड़ रुपये के लक्ष्य के अनुरूप वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिदिन 10 लाख रुपये की वसूली सुनिश्चित करने, शत-प्रतिशत कर बिलों का वितरण करने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही निगम स्वामित्व की दुकानों का विवरण पोर्टल पर अद्यतन करने,किरायेदारी अनुबंध एवं शिकमी किरायेदारों की जानकारी व्यवस्थित रखने तथा सभी नामांतरण प्रकरणों की ऑनलाइन प्रविष्टि कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
डेयरी एवं मीट मार्केट के लिए भूमि चिन्हांकन के निर्देश
निगमायुक्त ने नगरीय सीमा में संचालित डेयरियों को चरणबद्ध तरीके से निगम सीमा के बाहर स्थानांतरित करने तथा मीट मार्केट एवं स्लॉटर हाउस के लिए उपयुक्त स्थल विकसित किए जाने के उद्देश्य से भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी को टीएनसीपी से समन्वय स्थापित कर भूमि आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई प्रकरणों पर प्राथमिकता
निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई से संबंधित लंबित प्रकरणों का सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।निगमायुक्त ने कहा कि नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिले और निगम की जनसेवाएं अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बन सकें।
पौधा रोपण हेतु चलाएं वृहद अभियान
पौधारोपण की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त तपस्या परिहार ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु प्रारंभ हो चुकी है, जो पौधारोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि निगम द्वारा चिन्हित स्थलों पर जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए वृहद स्तर पर पौधारोपण अभियान प्रारंभ किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पौधे रोपित कर उनके संरक्षण की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
वंचित न हो कोई पात्र हितग्राही
निगमायुक्त सुश्री परिहार ने निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं के लाभ से कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे। उन्होनें पीएम स्वनिधि विशेष पखवाड़ा के अंतर्गत 15 अगस्त तक आयोजित हो रहे अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी गतिविधियां पूर्ण की जाएं। उन्होंने पात्र पथ विक्रेताओं से अधिकतम आवेदन प्राप्त करने,लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने, हितग्राहियों को क्रेंडिट कार्ड की सुविधा प्रदान करने तथा बैंकों के साथ प्रभावी समन्वय तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजना का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश सिटी मिशन मैनेजर यश रजक को दिए। संबल योजना तथा अनुग्रह सहायता राशि के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर 15 दिवस से अधिक प्रकरण लंबित नहीं रखनें के निर्दिश योजना प्रभारी सनद विश्वकर्मा को दिए।
तय समयावधि में पूर्ण करें कार्य
निगमायुक्त ने रिकॉर्ड डिजिटलाइजेशन कार्य को महत्वपूर्ण बताते हुए विभागीय अधिकारियों को रूचि लेकर कार्य को समयबद्धता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के अपूर्ण भवनों के किस्त वितरण संबंधी समस्या का निराकरण कराकर जियो टैगिंग करने, हितग्राहियों को नवीन आवासों का आवंटन करने,अमृत योजना के तहत हाउस होल्ड कनेक्शन की गति बढ़ाने तथा रोड रेस्टोरेशन का शेष कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। सामाजिक सुरक्षा, वृद्धावस्था पेंशन योजना के डी.एल.सी कार्य की समीक्षा के दौरान शेष कार्य में गति लाने हेतु दरोगाओं को निर्देशित करने, न्यायालयीन प्रकरणों में जवाबदावा प्रस्तुत करने, विभागीय बैठकों को समय पर आयोजित करने, टीएल हेतु चिन्हित प्रकरणों को अनावश्यक लंबित न रखने, निगम की महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु प्रत्येक चरण की कार्यवाही तय समय-सीमा में पूर्ण करने के साथ ही जन्म,मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र के लंबित 36 प्रकरणों की समीक्षा कर तय अवधि में सेवाएं प्रदान करने के निर्देश संबंधित शाखा प्रमुखों को दिए।
बैठक के दौरान कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, सुनील सिंह, ओदश जैन, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, उपयंत्री मोना करेरा, मृदुल श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव, संजय मिश्रा, जे.पी.बघेल,रवि हनोते, शैलेन्द्र प्यासी, हिमांशु गौतम, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र, सहायक राजस्व अधिकारी, योजना प्रभारी, कार्यालय अधीक्षक, सिटी मिशन मैनेजर, सहित अन्य विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी रही।








