बरही अग्निकांड: कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पीड़ित परिवार से मिलकर जताया शोक, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग,सीएमओ की बर्खास्तगी की मांग, कहा- केवल निलंबन से नहीं चलेगा काम

IMG 20261110 WA0037 scaled

 

बरही अग्निकांड: कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पीड़ित परिवार से मिलकर जताया शोक, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग,सीएमओ की बर्खास्तगी की मांग, कहा- केवल निलंबन से नहीं चलेगा का

कटनी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह मंगलवार को बरही पहुंचकर भीषण अग्निकांड में व्यवसायी सुरेश अग्रवाल, नीरज अग्रवाल एवं विजय अग्रवाल सहित परिवार के छह सदस्यों की असमय मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और घटनास्थल का जायजा भी लिया।

इस दौरान अग्रवाल परिवार के सदस्यों ने बताया कि रविवार रात करीब 12 बजे पूजा के दीपक से किराना एवं क्रॉकरी दुकान में अचानक आग लग गई थी। आग की चपेट में परिवार के वरिष्ठ सदस्य 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी 74 वर्षीय पत्नी चंद्रकला अग्रवाल, 30 वर्षीय सोनम, 14 वर्षीय आर्या, छह वर्षीय अन्वी और महज दो माह का नवजात अर्विष आ गए। आग पर काबू पाने और परिजनों को बचाने के लिए नगर परिषद के दमकल कर्मियों को फोन कर मदद मांगी गई, लेकिन आरोप है कि दमकल वाहन समय पर नहीं पहुंचा। परिजनों ने दमकल की देरी को इतनी बड़ी त्रासदी का प्रमुख कारण बताते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

परिजनों ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष से मांग की कि घटना के लिए जिम्मेदार लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि केवल निलंबन पर्याप्त नहीं है, बल्कि नगर परिषद के सीएमओ को बर्खास्त किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी हृदयविदारक घटना की पुनरावृत्ति न हो।

कुंवर सौरभ सिंह ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुखद घटना के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग कांग्रेस शासन-प्रशासन से करेगी। जनसुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।

इसे भी पढ़ें-  MP College Teacher Vacancy: मध्य प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में शिक्षा व्यवस्था वेंटिलेटर पर, 55% पद खाली; OSD और प्रतिनियुक्ति के खेल में बिगड़ा भविष्य

इस दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोहित शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अंबिका द्विवेदी, वरिष्ठ नेता कैलाश वर्मा, बीडी अवस्थी, बृजराज सिंह परमार, संदीप स्वर्णकार, जितेंद्र सिंह सहित नगर के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।