Site icon Yashbharat.com

सुरक्षित बैंकिंग को लेकर कटनी पुलिस अलर्ट, जिलेभर में बैंक व एटीएम की सघन जांच

IMG 20260116 WA0033

सुरक्षित बैंकिंग को लेकर कटनी पुलिस अलर्ट, जिलेभर में बैंक व एटीएम की सघन जां

कटनी, /जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा बैंकिंग व साइबर अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा शुक्रवार को जिलेभर में बैंकों एवं एटीएम की सघन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न बैंकों के परिसरों का गहन निरीक्षण किया। जांच में मुख्य प्रवेश द्वार, एटीएम कक्ष, काउंटर एरिया तथा पार्किंग स्थलों की भौतिक जांच की गई। इस दौरान बैंक प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इनमें सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी, अलार्म सिस्टम की सुचारु कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा गार्डों की सतर्क तैनाती पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस टीमों ने बैंक में मौजूद ग्राहकों से भी संवाद कर उन्हें लेन-देन के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने तथा साइबर एवं बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
कटनी पुलिस ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा, सुरक्षित बैंकिंग व्यवस्था और अपराध-मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग, सतर्कता एवं जागरूकता बनाए रखने की अपील की है, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

Exit mobile version