23 जून को प्रदेशव्यापी बंद के समर्थन में कटनी मंडी का व्यापार रहेगा बंद
23 जून को प्रदेशव्यापी बंद के समर्थन में कटनी मंडी का व्यापार रहेगा बं
कटनी। प्रदेश शासन द्वारा मंडी शुल्क में की गई वृद्धि के विरोध में 23 जून, मंगलवार को प्रदेशभर की कृषि उपज मंडियों में व्यापार बंद रखा जाएगा। इसी क्रम में कटनी कृषि उपज मंडी के व्यापारियों ने भी प्रदेशव्यापी बंद का समर्थन करते हुए मंडी में कारोबार बंद रखने का निर्णय लिया है।
ज्ञात हो कि प्रदेश शासन ने मंडी शुल्क को एक प्रतिशत से बढ़ाकर डेढ़ प्रतिशत कर दिया है। इस निर्णय के विरोध में प्रदेश के व्यापारी संगठनों में व्यापक असंतोष व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि मंडी शुल्क में की गई वृद्धि से किसानों एवं व्यापारियों दोनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
कटनी मंडी के व्यापारियों ने एकजुट होकर बढ़ी हुई मंडी शुल्क को वापस लेने की मांग की है। इस संबंध में व्यापारियों द्वारा कृषि उपज मंडी सचिव के माध्यम से शासन के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि 23 जून को प्रदेशव्यापी बंद के आह्वान के तहत कटनी मंडी में समस्त व्यापारिक गतिविधियां बंद रहेंगी।
व्यापारियों ने शासन से मांग की है कि मंडी शुल्क वृद्धि के निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए इसे तत्काल वापस लिया जाए, जिससे किसानों और व्यापारियों के हितों की रक्षा हो सके।